T20 World Cup 2026: दिल्ली में टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में खाली रह सकते हैं स्टैंड, जानें वजह
T20 World Cup 2026: दिल्ली में इस हफ्ते खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों के दौरान दर्शकों की संख्या कम होने की संभावना है। इसकी सबसे बड़ी वजह परीक्षाओं का चलना बताया जा रहा है। बोर्ड परीक्षाएं और स्कूलों की वार्षिक परीक्षाओं के कारण क्रिकेट प्रेमियों की दिलचस्पी कम हुई है, खासकर उन मैचों में जिनमें भारतीय टीम शामिल नहीं है।
टिकटों की मांग हुई कम
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) नौ दिनों के भीतर अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप के पांच मैचों की मेजबानी कर रहा है। इनमें से 12 फरवरी को भारत और नामीबिया के बीच होने वाले मुकाबले के टिकट पूरी तरह बिक चुके हैं। हालांकि, बाकी चार मैचों के लिए टिकटों की मांग काफी कम बताई जा रही है।
DDCA ने स्कूलों से किया था संपर्क
स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए DDCA ने स्कूलों से संपर्क किया था। संघ की ओर से छात्रों को शिक्षकों के साथ मुफ्त एंट्री देने की पेशकश की गई थी। शर्त ये रखी गई थी कि छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में आएं। इससे पहले कई टूर्नामेंट में ये तरीका सफल रहा था और स्टेडियम में अच्छी भीड़ देखने को मिली थी।
वहीं, इस बार यह योजना काम नहीं कर पाई। इसकी वजह यह है कि इस समय परीक्षाएं चल रही हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं अगले हफ्ते से शुरू होने वाली हैं, जबकि कई स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं पहले से ही चल रही हैं। ऐसे में छात्र और स्कूल दोनों ही मैच देखने नहीं आ पा रहे हैं।
न्यूट्रल मुकाबलों को लेकर नहीं दिखा उत्साह
DDCA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत के अलावा अन्य टीमों के मैचों के लिए लगभग कोई मांग नहीं है। उन्होंने कहा कि सिर्फ भारतीय टीम के मैच में ही दर्शकों ने रुचि दिखाई है, जबकि न्यूट्रल मुकाबलों को लेकर उत्साह नहीं दिख रहा। अधिकारी ने यह भी बताया कि मुंबई जैसे शहरों में नेपाल जैसी टीमों के समर्थक बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचे थे। लेकिन दिल्ली में ऐसी कोई मजबूत फैन बेस नहीं है, जो बिना भारत के मैचों में स्टेडियम भर सके।
मैचों का समय भी एक बड़ी समस्या बना हुआ है। भारत के अलावा चारों मुकाबले वीकडे पर रखे गए हैं। इनमें से तीन मैच सुबह 11 बजे शुरू होंगे और एक मैच दोपहर 3 बजे से होगा, जब ज्यादातर लोग काम या पढ़ाई में व्यस्त रहते हैं। इन सभी कारणों को देखते हुए माना जा रहा है कि अरुण जेटली स्टेडियम केवल भारत के मैच के दौरान ही भरा रहेगा, जबकि बाकी टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले लगभग खाली स्टैंड्स के बीच खेले जा सकते हैं।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply