RSS कार्यक्रम में सलमान खान की मौजूदगी पर राजनीति तेज, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने दिया जवाब
Maharashtra Politics: मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मौजूदगी को लेकर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना के सांसद संजय राउत द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम शिंदे ने साफ कहा है कि मोहन भागवत के कार्यक्रम में सलमान खान के जाने में कुछ भी गलत नहीं है और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
सलमान खान भारतीय नागरिक- शिंदे
एकनाथ शिंदे ने कहा कि RSS के कार्यक्रम में सलमान खान का जाना या न जाना कोई विवाद का विषय नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या सलमान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं? शिंदे ने कहा कि सलमान खान भारतीय नागरिक हैं और वे भारतीय संस्कृति को मानते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सलमान खान अपने घर में गणपति भगवान को विराजमान करते हैं और सभी धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हैं।
राजनीति न करने की अपील
डिप्टी सीएम शिंदे ने आगे कहा कि सलमान खान और उनका परिवार भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मानता है। ऐसे में मोहन भागवत के कार्यक्रम में उनका जाना पूरी तरह उचित है। शिंदे ने कहा कि वह मुंबई के निवासी हैं और कार्यक्रम भी मुंबई में आयोजित किया गया था, इसलिए उनका वहां जाना स्वाभाविक है। उन्होंने इस पूरे मामले पर राजनीति न करने की अपील की।
दरअसल, मुंबई में RSS के एक कार्यक्रम में सलमान खान की मौजूदगी के बाद संजय राउत ने तंज कसा था। संजय राउत ने कहा था कि सलमान खान कब से RSS के स्वयंसेवक बन गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद डर के कारण लोग संघ के स्वयंसेवक बनने जा रहे हैं।
RSS के शताब्दी समारोह से जुड़ा मामला
ये पूरा मामला RSS के शताब्दी समारोह से जुड़ा है, जिसका आयोजन मुंबई में शनिवार, 7 फरवरी को किया गया था। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में संघ की यात्रा, समाज में उसकी भूमिका और भविष्य की सोच पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सलमान खान के अलावा मशहूर फिल्म निर्माता सुभाष घई और जाने-माने गीतकार व लेखक प्रसून जोशी भी शामिल हुए।
आयोजन में कई प्रमुख लोगों की मौजूदगी
RSS के इस आयोजन में फिल्म और कला जगत से जुड़े कई प्रमुख लोगों की मौजूदगी ने ध्यान खींचा। वहीं, सलमान खान की भागीदारी को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी अब और तेज होती दिख रही है। हालांकि, एकनाथ शिंदे ने साफ कर दिया है कि इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply