भारत–मलेशिया रिश्तों को मिली नई मजबूती, पीएम मोदी बोले– तमिल भाषा जोड़ती है हमारे दिल
India-Malaysia Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पिछले साल किया गया वादा निभाते हुए मलेशिया पहुंचे। इस दौरान भारत और मलेशिया के बीच छह अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। पीएम मोदी ने कहा कि तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम दोनों देशों को भावनात्मक रूप से जोड़ता है और यह लोगों के बीच गहरे रिश्तों का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कही ये बात
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया की शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में तमिल भाषा की मजबूत मौजूदगी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि नए ऑडियो-विजुअल समझौते के बाद फिल्म और संगीत, खासकर तमिल फिल्में, दोनों देशों के लोगों को और करीब लाएंगी। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल मैं आसियान शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ सका था, लेकिन मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री अनवर से वादा किया था कि जल्द आऊंगा। 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए मैं मलेशिया आया हूं।
रक्षा सहयोग को मिलेगा व्यापक रूप
दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई, जिसे भारत–मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि सुरक्षा क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी सहयोग, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही रक्षा सहयोग को भी व्यापक रूप दिया जाएगा।
पीएम ने बताया कि दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। आर्थिक संबंधों पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सीईओ फोरम से व्यापार और निवेश के नए अवसर खुले हैं और रणनीतिक भरोसे के साथ आर्थिक परिवर्तन का रास्ता बनेगा।
मलेशिया के प्रधानमंत्री ने की भारत की तारीफ
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत की तेज आर्थिक प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2025 में 18.59 अरब डॉलर के व्यापार से आगे बढ़कर भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने द्विपक्षीय लेन-देन में स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल को भी सराहनीय बताया। शिक्षा के क्षेत्र में अनवर ने कहा कि कई मलेशियाई छात्र भारत में पढ़ चुके हैं और अब भारतीय छात्र भी मलेशिया आ रहे हैं। उन्होंने भारत में पढ़ाई के लिए और छात्रों को भेजने की इच्छा जताई। इस यात्रा के दौरान ऑडियो-विजुअल सह-निर्माण, आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार से लड़ाई, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और सेमीकंडक्टर सहयोग जैसे छह समझौते हुए। अधिकारियों के मुताबिक, ये समझौते तकनीक, शासन, जनकल्याण और क्षेत्रीय सुरक्षा में सहयोग को नई ऊंचाई देंगे।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply