एपस्टीन फाइल्स का असर... दुनिया भर में राजनीतिक भूचाल, कई बड़े नामों ने दिए इस्तीफे
Jeffrey Epstein Files: अमेरिका के कुख्यात अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज लगातार सामने आ रहे हैं। इन फाइलों में ईमेल, सोशल संपर्क, पैसों के लेन-देन और निजी मुलाकातों से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। जैसे-जैसे ये दस्तावेज सार्वजनिक हो रहे हैं, वैसे-वैसे दुनिया के कई देशों में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होती जा रही है। खासतौर पर यूरोप और अमेरिका में इन खुलासों का बड़ा असर देखने को मिल रहा है।
कई लोगों ने छोड़े पद
इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद कई प्रभावशाली लोगों पर सवाल खड़े हुए हैं। कुछ मामलों में सीधे अपराध साबित नहीं हुए, लेकिन सिर्फ एपस्टीन से संपर्क सामने आने के कारण ही भारी विवाद खड़ा हो गया। सार्वजनिक दबाव और संस्थाओं की साख बचाने के लिए कई लोगों को अपने पद छोड़ने पड़े हैं।
ब्रिटेन में इस मामले ने बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया। पीएम कीर स्टारमर के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी को इस्तीफा देना पड़ा। उन पर इसलिए दबाव बढ़ा क्योंकि उन्होंने पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त करने की सलाह दी थी। बाद में मैकस्वीनी ने खुद स्वीकार किया कि यह सलाह गलत थी। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
फैसले में हुई गलती
नॉर्वे में भी एपस्टीन फाइल्स का असर साफ दिखा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वरिष्ठ राजनयिक मोना जूल अपने पद से हटेंगी। मंत्रालय के मुताबिक, एपस्टीन से जुड़े संबंधों के मामले में उनसे “फैसले में गंभीर गलती” हुई। 66 वर्षीय मोना जूल पहले मंत्री रह चुकी हैं और इजरायल, ब्रिटेन तथा संयुक्त राष्ट्र में नॉर्वे की राजदूत भी रह चुकी हैं। इस घटनाक्रम को यूरोप में बढ़ते बड़े विवाद का हिस्सा माना जा रहा है।
अमेरिका में भी कई लोगों को लगा झटका
अमेरिका में भी कई बड़े नामों को झटका लगा। फरवरी 2026 में ब्रैड कार्प ने एक प्रमुख लॉ फर्म के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया, जब उनके एपस्टीन से ईमेल संपर्क सामने आए। इससे पहले नवंबर 2025 में लैरी समर्स ने भी एक अहम बोर्ड पद छोड़ा और माना कि एपस्टीन से संपर्क रखना उनकी गलती थी। दिसंबर 2025 में एफबीआई के डिप्टी डायरेक्टर डैन बोंजिनो ने भी विवाद के बीच पद छोड़ दिया।
इन देशों के अधिकारियों ने दिए इस्तीफे
फ्रांस, स्लोवाकिया और स्वीडन जैसे देशों में भी अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों के इस्तीफे हुए हैं। कुल मिलाकर, एपस्टीन फाइल्स ने यह साफ कर दिया है कि सिर्फ संबंधों का सामने आना भी बड़े राजनीतिक संकट का कारण बन सकता है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply