Bharat Bandh: आम लोगों पर पड़ेगा कितना असर, जानें आपके शहर में क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद
Bharat Bandh Update: आज 12फरवरी 2026को देशभर में भारत बंद का व्यापक असर दिख रहा है। 10प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों (जिनमें INTUC, AITUC, CITU, HMS, TUCC, SEWA, AIUTUC, AICCTU, LPF और UTUC शामिल हैं) और संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) सहित किसान संगठनों ने मिलकर यह हड़ताल बुलाई है। यूनियनों का दावा है कि इसमें 30करोड़ से ज्यादा मजदूर, किसान और कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। यह बंद केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, चार नए श्रम कोड्स, भारत-अमेरिका ट्रेड डील, निजीकरण, स्थिर वेतन, सामाजिक सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों के विरोध में है। बंद की शुरुआत मध्यरात्रि से हुई है, जो आज पूरे दिन जारी रहेगी।
बंद का मुख्य कारण
ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों का कहना है कि नए श्रम कानून मजदूरों के अधिकारों को कमजोर कर रहे हैं, जबकि भारत-US ट्रेड डील से भारतीय किसानों और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता है। SKM ने कहा है कि यह समझौता अमेरिकी आयात को बढ़ावा देगा, जिससे स्थानीय उत्पादन प्रभावित होगा। यूनियनों ने 600जिलों में प्रभाव डालने का लक्ष्य रखा है।
किस राज्य में कितना असर?
- ओडिशा, असम, केरल, पश्चिम बंगाल: सबसे ज्यादा प्रभाव, लगभग पूर्ण बंद की संभावना।
- कर्नाटक, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़: मजबूत असर, परिवहन और बैंकिंग पर बड़ा प्रभाव।
- दिल्ली-NCR, मुंबई, चेन्नई: आंशिक असर, मुख्य रूप से परिवहन और कुछ प्रदर्शन।
- अन्य राज्यों में स्थानीय स्तर पर प्रभाव, लेकिन सामान्य जीवन ज्यादातर जारी।
क्या बंद रहेगा और क्या खुला रहेगा?
1. बैंकिंग सेवाएं:बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रभावित होंगे। बैंक की शाखाएं बंद या आंशिक रूप से काम कर सकती हैं। RBI ने कोई छुट्टी घोषित नहीं की है, लेकिन कई बैंक ग्राहकों को पहले ही अलर्ट कर चुके हैं। ऑनलाइन बैंकिंग, UPI, ATM और डिजिटल सेवाएं सामान्यतः काम करेंगी, लेकिन ब्रांच में कामकाज बाधित रहेगा।
2. परिवहन सेवाएं:सार्वजनिक परिवहन (बसें, लोकल ट्रेनें, ऑटो-रिक्शा) सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। कई राज्यों में सड़क जाम और रैलियां संभव। प्राइवेट टैक्सी और कैब सेवाएं (Uber, Ola) चल सकती हैं, लेकिन यातायात बाधित होने से देरी हो सकती है। रेलवे और एयरलाइंस पर सीमित असर, लेकिन कुछ कर्मचारी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं।
3. स्कूल-कॉलेज:कोई राष्ट्रव्यापी छुट्टी नहीं घोषित। अधिकांश राज्यों में स्कूल-कॉलेज खुले रहेंगे। लेकिन केरल, कर्नाटक, ओडिशा और कुछ अन्य राज्यों में स्थानीय समर्थन से बंद रह सकते हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु आदि में सामान्यतः खुले रहने की उम्मीद। फिलहाल, स्कूलों की तरफ से स्कूल बंद का कोई नोटिस नहीं आया।
4. बाजार और दुकानें:बाजार और दुकानें ज्यादातर खुले रहेंगे, लेकिन कुछ इलाकों में दबाव या प्रदर्शन से बंद हो सकती हैं। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें (दूध, सब्जी, फल, मेडिकल) खुली रहेंगी।
5. सरकारी कार्यालय और अन्य सेवाएं:सरकारी ऑफिस प्रभावित हो सकते हैं। अस्पताल, फार्मेसी, एम्बुलेंस, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रहेंगी। पोस्टल, माइनिंग और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र प्रभावित
Leave a Reply