हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, शिमला में लैंडस्लाइड तो जलमग्न हुआ बल्हघाटी

Himachal Pradesh Rain: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है।प्रदेश में शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं राजधानी शिमला के दुधली में भारी बारिश के बाद आज तड़के लैंडस्लाइड होने से सड़क पर पार्क तीन गाड़ियां चपेट में आ गई।
हुआ करोड़ों का नुकसान
लैंडस्लाइड की चपेट में आई गाड़ी के मालिक व स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा सुबह के समय पेश आया। लैंडस्लाइड में सड़क के किनारे पार्क की गई 3 गाड़ियां दब गई है। दबी हुई गाड़ियों को निकालने के लिए जेसीबी व क्रेन मौके पर मौजूद हैं।वहीं हिमाचल के मंडी में भी बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। मंडी जिला में हो रही भारी बारिश के कारण बल्हघाटी में बाढ़ आने से जलभराव हो गया है। घाटी का अधिकतर भाग पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। वहीं, ज्यूणीघाटी और जिला के अन्य स्थानों पर भी भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बल्हघाटी की सुकेती और कंसा खड्ड, ज्यूणीघाटी की ज्यूणी खड्ड और सरकाघाट व धर्मपुर क्षेत्रों में बहने वाली अन्य खड्डें और नदी नाले पूरी तरह से उफान पर हैं।। लोगों के घरों, दुकानों, खेतों और व्यवसासिक केंद्रों में भारी पानी घुस गया है जिससे उनका लाखों का नुकसान हो गया है। अभी तक क्षेत्र में एक करोड़ रूपयों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। कनैड से लेकर बैहना तक बल्हघाटी के 50के करीब गांव इस बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं।
लोगों से की गई अपील
जानकारी देते हुए एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने कहा कि उपमंडल बल्ह में जगह-जगह बादल फटने की घटनाएं सामने आई है। इससे क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक का नुकसान अब तक हो चुका है। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया है। उन्होंने कहा कि धनोटू-बग्गी सड़क मार्ग पर बीबीएमबी नहर के किनारे भूस्खलन होने से बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए रोक लगाई गई है।स्मृतिका नेगी ने लोगों से अनावश्यक तौर पर सफर नहीं करने की अपील की है।
Leave a Reply