Asian Games में भारत ने रचा इतिहास, 107 मेडल के साथ खत्म हुआ सफर

India At Asian Games: एशियन गेम्स में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारतीय एथलीटों ने 14वें दिन यानी शनिवार को 6 गोल्ड समेत कुल 12 मेडल जीते। 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य के साथ भारत ने पदक तालिका में चौथे स्थान पर अपना अभियान समाप्त किया।
आपको बता दें कि, आखिरी दिन भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारतीय पुरुष और महिला टीमें कबड्डी में चैंपियन बनीं। बैडमिंटन की पुरुष युगल स्पर्धा में भारत को स्वर्ण मिला, जबकि तीरंदाजी की पुरुष और महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में भारतीय तीरंदाजों ने सोने पर निशाना साधा।
इस प्रतियोगिता में भारत ने सबसे ज्यादा पदक एथलेटिक्स में जीते। ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में अपने खिताब का बचाव किया। उन्होंने 88।88 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पर कब्जा किया। भारतीय एथलीटों ने इस बार एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन किया। इस बार भारत ने एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 29 मेडल जीते।
भारतीय निशानेबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन
भारतीय निशानेबाजों ने भी चीन में बेहतरीन प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। इस बार निशानेबाजों ने 22 पदक जीते जबकि 2006 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 पदक था। तब भारतीय निशानेबाजों ने दोहा में 14 पदक जीते थे, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इनमें से 12 पदक टीम स्पर्धा में आए। भारतीय पुरुष और महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीते, वहीं कबड्डी में भी भारत ने पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
तीरंदाज़ी में गोल्डन क्लीन स्वीप
भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी में 5 स्वर्ण के साथ क्लीन स्वीप किया। दुनिया के तीसरे नंबर के भारतीय शटलर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पुरुष युगल में स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया। पुरुष युगल में स्वर्ण जीतने वाली यह पहली भारतीय जोड़ी है। बैडमिंटन में भारत को 3 पदक मिले, जो उसका दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कुश्ती में भारत ने 6 पदक जीते।
ओलिंपिक का टिकट मिला
इसके अलावा कुछ एथलीटों ने 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता जबकि मुक्केबाज निकहत जरीन, प्रवीण, प्रीति और लवलिना ने कांस्य पदक जीता। इन सभी ने पेरिस ओलिंपिक के टिकट बुक कर लिए हैं।
Leave a Reply