मुंबई की बारिश ने तोड़ा 107 साल पुराना रिकॉर्ड, अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी
Mumbai Monsoon: भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने 107 साल पुराना मई महीने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, कोलाबा वेधशाला ने मई में 295 मिमी बारिश दर्ज की गई। जो साल 1918 में दर्ज 279.4 मिमी के रिकॉर्ड को पार कर गया। इस मूसलाधार बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, IMD ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें अगले 24 घंटों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
IMD की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने इस साल मुंबई में 26 मई को दस्तक दी, जो सामान्य तारीख 11 जून से 16 दिन पहले है। यह पिछले 75 वर्षों में मॉनसून की सबसे जल्दी शुरुआत है। रविवार आधी रात से सोमवार दोपहर तक शहर के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। कोलाबा में 135 मिमी और सांताक्रूज में 33 मिमी बारिश सोमवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज की गई। जबकि नरीमन पॉइंट में सुबह 9 से 10 बजे के बीच 104 मिमी बारिश हुई। वहीं, दक्षिण मुंबई में 252 मिमी (नरीमन पॉइंट), बायकुला में 213 मिमी और दादर में 202 मिमी बारिश दर्ज की गई।
IMD ने मंगलवार को रेड अलर्ट जारी रखा है। जिसमें 204.5 मिमी से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27-28 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की गई है। IMD ने बताया कि दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और उत्तरी कर्नाटक के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जो अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ेगा। इसके साथ ही अरब सागर में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और कोंकण तट पर मॉनसून की सक्रियता ने भारी बारिश को बढ़ावा दिया है।
जलभराव और यातायात ठप
मूसलाधार बारिश ने मुंबई की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया। इस बारिश ने न केवल मई का 107 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि शहर की सड़कों, रेलवे ट्रैक्स और मेट्रो स्टेशनों को जलमग्न कर दिया। वहीं, निचले इलाकों जैसे - दादर, सायन, कुर्ला, परेल, साकी नाका, हिंदमाता जंक्शन, और वर्ली में भारी जलभराव देखा गया। सेंट्रल रेलवे के मस्जिद, बायकुला, दादर, माटुंगा और बदलापुर स्टेशनों पर रेलवे ट्रैक्स पर पानी भरने से लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
सेंट्रल रेलवे ने अपने बयान में कहा 'कुछ स्थानों पर ट्रेनें कम गति से चल रही हैं, लेकिन सेवाएं जारी हैं।' वहीं, वेस्टर्न रेलवे ने दावा किया कि उनके ट्रैक्स पर जलभराव नहीं हुआ। हालांकि यात्रियों ने कुछ देरी की शिकायत की।
प्रशासन ने दिए निर्देश
दूसरी तरफ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति की समीक्षा की और आपदा प्रबंधन टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में स्थिति का जायजा लिया और BMC, सेना, नौसेना, और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को समन्वय के साथ काम करने को कहा। BMC ने नागरिकों से घरों में रहने और आपात स्थिति में 1916 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की अपील की है। स्कूलों और कॉलेजों को मंगलवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply