दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तानी स्लोगन लिखने के लिए मिले थे 4 लाख, आरोपियों ने किए चौकाने वाले खुलासे

Delhi Metro Station: दिल्ली में G20 के बैठक की तैयारियां चल रही हैं। वहीं बीते दिनों दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर देशविरोधी नारे लिखे गए थे। उसी सिलसिले में आज दो गिरफ्तारी हुई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब से दोनों को पकड़ा है। इस मामले में आरोपियों ने बड़ा खुलासा किया है और बताया कि इसके लिए उन्हें करीब चार लाख रुपये मिले थे।
गुरपतवंत सिंह पन्नू के कहने पर लिखे थे स्लोगन
दरअसल, दोनों आरोपी सिख फॉर जस्टिस चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू के कहने पर मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तान के समर्थन में स्लोगन लिखे थे। गुरपतवंत सिंह पन्नू पंजाब के खानकोट का रहने वाला है। उसने पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है। इसके बाद वह विदेश चला गया था। तब से ही वह कनाडा और अमेरिका में रह रहा है। वह विदेश में रहकर ही खालिस्तानी मूवमेंट चला रहा है। इसमें उसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की मदद मिलती है। उसने सिख फॉर जस्टिस संगठन का गठन किया है।
पुलिस ने दी जानकारी
वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस का भी बयान आया है। दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया कि चार मेट्रो स्टेशन और एक बिल्डिंग को लेकर बनाया गया था। यह घटना 26 अगस्त की देर शाम आठ से 11 बजे के बीच की है। इस घटना के बाद आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी किया था और इसकी जानकारी दी थी। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल ने बताया कि, "इस घटना में दो आरोपी हैं, प्रीतपाल और राजविंदर सिंह। ये दोनों ही पंजाब के फरीदकोट के रहने वाले हैं। दोनों को पंजाब से हिरासत में लिया गया है। प्रीतपाल सिंह पंजाब की लोकल फैक्ट्री में काम करता है, जोकि सोशल मीडिया एप सिग्नल के जरिए एक साल से पन्नू के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, पन्नू ने इस घटना के लिए दोनों को सात हजार डॉलर देने का वादा किया था, लेकिन उसने सिर्फ 3500 डॉलर ही दिए। इसके अलावा एक लाख रुपये उसने पहले भी प्रीतपाल को भेजे थे, जब उसके घर में कोई बीमार पड़ गया था।"
Leave a Reply