फिर जगमगाई दिल्ली! आजादी के बाद पहली बार कर्तव्य पथ पर मना दीपोत्सव, CM रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हुआ आयोजन

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को इतिहास रचते हुए कर्तव्य पथ पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की तरह दिल्ली में पहली बार 1.20लाख दीयों से एक साथ शहर को रोशन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह आयोजन नई क्रांति और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरा। उन्होंने कहा कि यह केवल दीपों का उत्सव नहीं बल्कि दिल्ली की आस्था और आधुनिकता के संगम का परिचायक है, जो राजधानी को शासन के साथ-साथ सांस्कृतिक राजधानी भी बनाता है।
ड्रोन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई उत्सव की शोभा
दीपोत्सव में पहली बार भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को आधुनिक ड्रोन तकनीक के माध्यम से आकाश में दर्शाया गया, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान रामायण थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिसने लोगों के दिलों में उत्साह और भक्ति की लहर दौड़ा दी। दिल्ली सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद किया और बताया कि इस दीपावली पर दिल्ली के हर वर्ग तक खुशहाली पहुंची है।
मुख्यमंत्री- दिल्ली में रामराज्य की स्थापना और हर नागरिक का सम्मान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दीपोत्सव दिल्ली की नई ऊर्जा, उम्मीद और दिशा का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली की सरकार जनता की सरकार है और उनका लक्ष्य हर नागरिक को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान देना है। उन्होंने श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही। इस दीपावली ने यह भी दिखा दिया कि परंपराएं और तकनीक मिलकर कैसे एक नए युग की शुरुआत कर सकती हैं।
Leave a Reply