टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही, 32 की मौत; 27 की तलाश में जुटे बचाव दल
Texas Floods: अमेरिका के टेक्सास राज्य के हिल कंट्री क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भारी बारिश हुई। जिसके बाद विनाशकारी बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है। ग्वाडालूप नदी में अचानक पानी का स्तर 45 मिनट में 8 मीटर (26 फीट) तक बढ़ गया। जिसकी वजह से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 लोग अभी भी लापता हैं। जानकारी के अनुसार, लापता लोगों में ज्यादातर कैम्प मिस्टिक नामक एक ईसाई ग्रीष्मकालीन शिविर की लड़कियां शामिल हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संदेश भी जारी किया है।
बाढ़ का भयावह मंजर
टेक्सास के केर काउंटी में गुरुवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने ग्वाडालूप नदी को उफान पर ला दिया। इस क्षेत्र में कुछ ही घंटों में महीनों जितनी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण नदी का पानी घरों, वाहनों और पेड़ों को बहाकर ले गया। विशेष रूप से कैम्प मिस्टिक, जो लड़कियों के लिए एक लोकप्रिय समर कैंप है, वो भी पूरी तरह से तबाह हो गया। बाढ़ का पानी इतनी तेजी से आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
केर काउंटी के शेरिफ लैरी लेथा ने बताया कि अब तक 18 वयस्कों और 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव दल नदी के किनारों पर बिखरे मलबे, उखड़े पेड़ों और क्षतिग्रस्त वाहनों के बीच लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। कैम्प मिस्टिक से 27 बच्चों के लापता होने की खबर है। लेकिन अभी तक अधिकारियों ने कुल लापता लोगों की संख्या का सटीक अनुमान नहीं लगाया है। क्योंकि 04 जुलाई को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों के कारण क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे।
राहत बचाव कार्य जारी
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले 36 घंटों में 850 से अधिक लोगों को बचाया गया है। बचाव कार्यों में हेलीकॉप्टर, नावें और जमीनी टीमें शामिल हैं, जो तेज बहाव और मलबे के बीच काम कर रही हैं। गवर्नर एबॉट ने कहा 'हमारा निर्देश है कि प्रत्येक लापता व्यक्ति को जीवित मानकर तलाश की जाए। हर मिनट महत्वपूर्ण है।'
हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस इलाके में और ज्यादा भारी बारिश की संभावना जताई है। जिससे बचाव कार्य और जटिल हो सकते हैं। मध्य टेक्सास के कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी अभी भी लागू है। स्थानीय निवासियों और शिविरों के लिए पहले से जारी चेतावनियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि यह क्षेत्र पहले भी बाढ़ की चपेट में आ चुका है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा 'टेक्सास में विनाशकारी बाढ़ में लोगों, विशेष रूप से बच्चों की मौत की खबर से बहुत दुखी हूं। हमारी संवेदनाएं अमेरिकी सरकार और शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।' बता दें, यह संदेश 05 जुलाई को जारी किया गया। जिसके बाद कई भारतीय नेताओं और नागरिकों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply