हिमाचल-मनाली में भारी बर्फबारी में फंसे 5000 पर्यटक, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Heavy Snowfall In Himachal-Manali: क्रिसमस से ही हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रदेश में शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर बर्फबारी और वर्षा का क्रम जारी रहा। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में दो-दो फीट तक बर्फबारी हुई। जबकि मनाली में लोग ओले से गिरे हैं। बता दें, कुफरी व नारकंडा में करीब 2-3 इंच, जबकि चौपाल के कई क्षेत्रों में चार से पांच इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है।
बर्फबारी के कारण कई सेवाएं ठप
बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद कर दी है। इसके अलावा लाहुल घाटी में हिमपात के कारण बस सेवा बंद हो गई है। वहीं, कल्पा में 3, कुफरी में 2, मनाली में 5, शिमला, ऊना, नाहन व कांगड़ा में दो-दो, जुब्बड़हट्टी व डलहौजी में तीन-तीन मिलीमीटर वर्षा हुई है।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस
मनाली के पर्यटनस्थल सोलंगनाला में शाम 4 बजे बर्फबारी तेज हो गई है। नाग मंदिर के पास बर्फ जमने से वाहन फंसने लगे। पुलिस को लगभग 2000 पर्यटक वाहन फंसने की सूचना है। हालात बिगड़ते देख मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने मोर्चा संभाला। जिसके बाद वाहनों को निकालने का कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस बर्फबारी में 5000 पर्यटक सवार थे। ज्यादा बर्फबारी होने के कारण वाहन फंसते रहे और जाम लगता जा रहा है।
आज भी हो सकती है बारिश-बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 28 दिसंबर को कई इलाकों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इससे पहले मंगलवार को मंडी, ऊना और चंबा समेत विभिन्न इलाकों में कड़ाके की ठंड देखने को मिली। जबकि बिलासपुर, सुंदरनगर और मंडी में कोहरा रहा। वहीं, गुरूवार तक बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी में भीषण ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Leave a Reply