संसद में विवादित टिप्पणी के बाद बिधूड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, चुनावी राज्य राजस्थान में मिला यह जिम्मा

संसद में अभद्र टिप्पणी करने वाले BJP सांसद रमेश बिधूड़ी को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें सचिन पायलट के जिले टोंक का प्रभारी बनाया गया है। बिधूड़ी दिल्ली की दक्षिणी दिल्ली सीट से लोकसभा सदस्य हैं। संसद के विशेष सत्र के दौरान उन्होंने सदन में बीएसपी सांसद दानिश अली पर अभद्र टिप्पणी की थी। जिसकी विपक्षी पार्टियों ने कड़ी निंदा की थी। बाद में BJPने बिधूड़ी को नोटिस भी दिया। बिधूड़ी को 15 दिन में इस नोटिस का जवाब देना है, इससे पहले पार्टी ने उन्हें टोंक का प्रभारी बनाया है।
सचिन पायलट टोंक जिले की शहरी सीट से विधायक हैं
टोंक जिले की टोंक विधानसभा से वर्तमान में कांग्रेस नेता सचिन पायलट विधायक हैं। 2018 के चुनाव में BJPने यहां से यूनुस खान को मैदान में उतारा था। उस समय यूनुस खान भी वसुंधरा सरकार में मंत्री थे। गौरतलब है कि टोंक मुस्लिम बहुल सीट है।
बिधूड़ी ने कानून की पढ़ाई की है
BJP सांसद रमेश बिधूड़ी का जन्म दिल्ली में हुआ था। उन्होंने बीकॉम और एलएलबी की डिग्री हासिल की है। उन्होंने अपना पेशा वकील, किसान और सामाजिक कार्यकर्ता लिखा है। उन्होंने 2003 से 2008 तक भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2008 में उन्हें दिल्ली भाजपा प्रदेश का महासचिव बनाया गया। वह 2003 से मई 2014 तक दिल्ली के विधायक भी रहे। 2014-2019 में लोकसभा सदस्य चुने गए। विधूड़ी शहरी विकास संबंधी स्थायी समिति और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सदस्य भी रहे हैं।
रमेश बिधूड़ी अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं
BJP सांसद रमेश विधूड़ी अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। कुछ समय पहले जब एक अभिभावक उनके पास स्कूल की समस्या लेकर पहुंचे तो बिधूड़ी ने पूछा कि उन्होंने बच्चे क्यों पैदा किए? बिधूड़ी का यह बयान काफी चर्चा में रहा था। इससे पहले बिधूड़ी ने एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि जहां मुस्लिम अल्पसंख्यक होते हैं वहां मानवाधिकार की बात होती है और जहां बहुसंख्यक हो जाते हैं वहां खून-खराबा शुरू हो जाता है।
Leave a Reply