स्वस्थ और समृद्ध पंजाब के लिए भगवंत मान की अनोखी पहल, शुरू हो रही है ‘सीएम दी योगशाला’

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को राज्य में 'सीएम दी योगशाला' अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान का उद्देश्य एक स्वस्थ और समृद्ध पंजाब बनाने के लिए एक जन आंदोलन बनाना है। एक वीडियो संदेश में मान ने घोषणा की है कि भारत की गौरवशाली प्राचीन परंपरा के अनुरूप ये योगशालाएं पंजाबियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने में मदद करेंगी।
आपको बता दें कि, इन योगशालाओं का गठन एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत होगा। पंजाब के सीएम ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इन योगशालाओं को अमृतसर, फगवाड़ा, पटियाला और लुधियाना शहरों में पेश किया जाएगा। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक खुले पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नि:शुल्क योग प्रशिक्षण देंगे। पंजाब के सीएम ने कहा कि इस अभियान का प्राथमिक मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब को स्वस्थ, समृद्ध और प्रगतिशील बनाने के लिए एक जन अभियान शुरू किया जाए।
वहीं मुख्यमंत्री ने योग के महत्व पर डालते हुए कहा कि फिट शरीर और स्वस्थ दिमाग के लिए योग बहुत जरूरी है। भगवंत मान ने आगे कहा कि, वह खुद भी रोज सुबह योगाभ्यास करते हैं और कहा कि हर व्यक्ति को चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। मान ने कहा कि 'सीएम दी योगशाला' अभियान योग का अभ्यास करके अच्छे स्वास्थ्य और स्वच्छता सुनिश्चित करने के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखना समय की मांग है, बल्कि उन लोगों का तनाव भी कम करना है, जो अपने जीवन में हर दिन कई चुनौतियों का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में तनाव का बढ़ता स्तर सभी के लिए चिंता का प्रमुख कारण है और लोगों को इससे बचाने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भगवंत मान ने कहा कि जीवन शैली में कुछ बदलाव कर और योगाभ्यास कर गुणवत्तापूर्ण जीवन जीकर मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कल्पना की कि 'सीएम दी योगशाला' अभियान हर पंजाबी के लिए एक स्वस्थ और गुणवत्तापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक कदम आगे है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये योग शालाएं एक स्वस्थ और प्रगतिशील पंजाब बनाने की दिशा में आगे बढ़ने में उत्प्रेरक का काम करेंगी। भगवंत मान ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब ये योगशालाएं पंजाबियों का बेहतर जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।
Leave a Reply