HARYANA NEWS: गीता केवल एक पुस्तक या ग्रंथ नहीं है, जीवन का सार है, गीता सार्वभौमिक व सार्वकालिक- सीएम मनोहर लाल

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता महोत्सव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का स्वागत करते हुए कहा कि आज बहुत ही प्रसन्नता का विषय है, जब हम लगातार आठवीं बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियों के माध्यम से गीता का संदेश देश दुनिया में जाएगा।
उन्होंने कहा कि गीता केवल एक पुस्तक या ग्रंथ मात्र नहीं है, बल्कि जीवन का सार है। गीता सार्वभौमिक व सार्वकालिक और आज भी गीता की सार्थकता उतनी ही है, जितनी उस समय थी। विश्व को सुखी बनाने के लिए, शांति के रास्ते पर ले जाने के लिए गीता का संदेश आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब आपसी समझ देशों में बनेगी तो विश्व एक इकाई के रूप में शांति की ओर आगे बढ़ेगा, इसके लिए गीता से कोई बड़ा साधन नहीं है। गीता के माध्यम से हम दुनिया को दिशा दे सकते हैं।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सराहना के पात्र हैं, जिन्होंने रूस और यूक्रेन के युद्ध के समय संवाद का एक ऐसा दृष्टिकोण सामने रखा और रूस के राष्ट्रपति से बात की और कहा कि इसका समाधान लड़ाई लड़ने से नहीं निकलेगा, बल्कि विवादों का समाधान आपसी बातचीत व परस्पर संवाद करने से ही निकलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्री राम की तरह आचरण है और कर्तव्य और कर्म के बारे में श्री कृष्ण के पदचिह्नों पर चल रहे हैं।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बनेगा अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाओं का रिजनल केंद्र
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के दर्जनभर देश ऐसे हैं जो हमें अपने यहां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करने का निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के एक विश्वविद्यालय ने अंग्रेज़ी एवं विदेशी भाषा के रीजनल सेंटर बनाने की बात कही है, जिसके लिए हमने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रस्ताव दिया है। विश्व की भाषाओं का एक केंद्र यहां खुलेगा और विश्वविद्यालय में गीता का भी केंद्र है, जिसके माध्यम से हम दुनिया के बहुत देशों को एक प्लैटफॉर्म पर जोड़कर गीता के संदेश को दुनिया में पहुंचा सकते हैं।
Leave a Reply