82 साल की बुजुर्ग महिला को एयर इंडिया ने नहीं दी व्हीलचेयर, गिरने से गंभीर आईं चोटें
Delhi Airport Air India: दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। 82वर्षीय बुजुर्ग महिला को टिकट में पुष्टि होने के बावजूद व्हीलचेयर नहीं दी गई। इससे उन्हें लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ा। थकावट और कमजोरी के कारण वे एयरलाइन काउंटर के पास गिर गईं। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, लेकिन वहां मौजूद किसी भी स्टाफ ने उनकी मदद नहीं की। फिलहाल महिला ICU में भर्ती हैं, और डॉक्टर उनके ब्रेन ब्लीड की आशंका जता रहे हैं।
परिवार का आरोप – व्हीलचेयर के अनुरोध के बावजूद इंतजार करवाया
पीड़िता की पोती पारुल कंवर ने बताया कि उनकी दादी ने दिल्ली से बेंगलुरु जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट बुक की थी। टिकट में साफ तौर पर एयरक्राफ्ट डोर तक व्हीलचेयर की सुविधा दर्ज थी, और इसकी पुष्टि भी हुई थी। इसके बावजूद, जब वे टर्मिनल-3पहुंचीं, तो उन्हें व्हीलचेयर के लिए एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
इस घटना से नाराज होकर पारुल कंवर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एयर इंडिया की आलोचना करते हुए लिखा, "आपने मेरी दादी के साथ बहुत बुरा व्यवहार किया और असम्मानजनक रवैया अपनाया। आपको शर्म आनी चाहिए।"
बिना मेडिकल जांच के फ्लाइट में बैठाया
पारुल कंवर ने आगे बताया कि काफी देर बाद एक व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई और उनकी दादी को विमान में बैठा दिया गया। लेकिन उनकी गंभीर चोटों के बावजूद सही चिकित्सा सहायता नहीं दी गई। वे सिर और नाक की चोटों के साथ होंठ से बहते खून की हालत में फ्लाइट में सवार हुईं।
फ्लाइट क्रू ने सिर्फ प्राथमिक उपचार के रूप में बर्फ की पट्टियां दीं। बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने पर डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उनके होंठों पर दो टांके लगाए। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, और डॉक्टर ब्रेन ब्लीड की संभावना पर जांच कर रहे हैं। परिवार ने DGCA और एयर इंडिया में शिकायत दर्ज कराई है और उचित कार्रवाई की मांग कर रहा है।
एयर इंडिया ने मांगी माफी, जांच का भरोसा दिया
इस पूरे मामले पर एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी है। एयरलाइन ने कहा, "हमें इस घटना पर गहरा दुख है। हम पीड़िता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। मामले की जांच जारी है, और जल्द ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी।"
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply