सूर्यकुमार यादव ने बताई राज की बात, कहा- इनकी सलाह से मिली भारत को जीत
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। अमेरिका के खिलाफ खेले गए इस मैच में भारतीय टीम एक समय बेहद मुश्किल स्थिति में फंस गई थी। सिर्फ 12.4 ओवर में भारत ने 77 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन ऐसे दबाव भरे हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और अपनी बेहतरीन पारी से टीम को संभाल लिया।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी बदौलत भारत 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर सका। बाद में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और भारत ने यह मैच 29 रन से जीत लिया। सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कोच गौतम गंभीर ने की मदद
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने बताया कि मुश्किल समय में मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उन्हें काफी मदद की। सूर्यकुमार ने कहा कि जब टीम लगातार विकेट खो रही थी, तब गंभीर ने उनसे कहा कि वह अंत तक टिके रहें। गंभीर का मानना था कि सूर्यकुमार के पास ऐसे शॉट्स हैं, जिनसे वह आखिर में तेजी से रन बना सकते हैं।
सूर्यकुमार ने कहा कि मुझे लगा कि यह 180-190 रन का विकेट नहीं है, बल्कि 140 रन का विकेट है। ब्रेक के दौरान गौती भाई ने भी यही कहा कि अंत तक टिके रहो, रन बाद में बन जाएंगे। मैंने मुंबई के मैदानों और ऐसे विकेटों पर काफी क्रिकेट खेला है, इसलिए मुझे भरोसा था।
सूर्यकुमार छठे ओवर में बल्लेबाजी करने आए
उन्होंने माना कि 77/6 के स्कोर पर टीम पर और उन पर काफी दबाव था। सूर्यकुमार छठे ओवर में बल्लेबाजी करने आए थे और शुरुआत में काफी धीमे रहे। पहली 13 गेंदों पर वह सिर्फ 7 रन ही बना सके। इसी दौरान लगातार विकेट गिरते रहे। बाद में उन्होंने शुबहम रंजन के ओवर में कुछ अच्छे शॉट लगाए। इसी ओवर में रंजन ने उनका आसान कैच भी छोड़ दिया, जो अमेरिका के लिए भारी पड़ा।
36 गेंदों में अर्धशतक किया पूरा
धीरे-धीरे सूर्यकुमार ने पारी को संभाला और 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर में उन्होंने सौरभ नेत्रवलकर की जमकर धुनाई करते हुए 21 रन बटोरे। नेत्रवलकर ने अपने 4 ओवर में 65 रन दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे महंगे स्पेल्स में शामिल है। इस पारी के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय कप्तान के रूप में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। साथ ही कप्तानी डेब्यू में यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा, जो सिर्फ क्रिस गेल की 2009 की पारी से पीछे है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply