एलन मस्क की राजनीतिक एंट्री, लेकिन संविधान ने रोका राष्ट्रपति बनने का रास्ता

Trump vs Elon Musk: एक समय पर जो दोस्त थे, वे आज दुश्मन बन गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उद्योगपति एलन मस्क के बीच दूरियां इतनी बढ़ गई हैं कि दोनों अब राजनीतिक मंच पर भी एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। इतना ही नहीं, एलन मस्क ने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी तक बना ली है, जिसका नाम उन्होंने 'अमेरिका पार्टी' रखा है। इस नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करते हुए मस्क ने रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टियों पर भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यह नई पार्टी अमेरिका की दो-दलीय व्यवस्था के खिलाफ एक वैकल्पिक मंच होगी।
ट्रंप ने एलन मस्क अमेरिका से बाहर निकालने की धमकी
एलन मस्क ने हाल ही में 'अमेरिका पार्टी' के गठन की घोषणा की है, जिसका मकसद अमेरिका की दो-पक्षीय राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देना है। यह ऐलान तब हुआ जब कुछ समय पहले डोनाल्ड ट्रंप ने मस्क को देश से निकालने की धमकी दी थी। इस घोषणा के बाद से चर्चा तेज हो गई है कि क्या मस्क 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति पद के लिए केवल 'नेचुरल बॉर्न सिटीजन' यानी अमेरिका में जन्मा व्यक्ति ही योग्य है। चूंकि मस्क का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था, वे संवैधानिक रूप से इस पद के लिए अयोग्य हैं, हालांकि उनकी पार्टी भविष्य में अन्य उम्मीदवारों को समर्थन देकर राजनीतिक प्रभाव डाल सकती है।
मस्क नहीं बन सकते अमेरिका का राष्ट्रपति ?
अमेरिकी संविधान के अनुसार, केवल वही व्यक्ति राष्ट्रपति बन सकता है, जो अमेरिका में जन्मा हो, यानी 'नेचुरल बॉर्न सिटीजन' हो। इसका मतलब है कि कोई भी व्यक्ति, जिसका जन्म अमेरिका से बाहर हुआ हो, भले ही वह वर्षों से अमेरिकी नागरिक हो, राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार नहीं बन सकता। एलन मस्क के मामले में, उनका जन्म दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में हुआ था, इसलिए वे संवैधानिक रूप से इस पद के लिए अयोग्य हैं। मस्क पढ़ाई के लिए पहले कनाडा गए, फिर अमेरिका आए और 2002 में अमेरिकी नागरिकता हासिल की। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मस्क पर आरोप लगाया कि उन्होंने स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में प्रवेश करने के बाद पढ़ाई पूरी किए बिना व्यवसाय शुरू कर नियमों का उल्लंघन किया, और इसी आधार पर ट्रंप ने उन्हें देश से निर्वासित करने की धमकी दी थी।
Leave a Reply