Nagpur Violence: दंगाइयों से हिसाब लिया जाएगा, अगर नहीं चुकाया तो होगी बुलडोजर कार्रवाई; CM फडणवीस की चेतावनी
Nagpur Violence: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में हुई हिंसा के बाद सख्त कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो लोग सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाएंगे, उनकी भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। अगर वे भुगतान नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्तियां जब्त की जाएंगी। इसके अलावा, जरूरत पड़ी तो बुलडोजर की कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब तक 104लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारियां जारी रहेंगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 68सोशल मीडिया पोस्टों को पहचान कर डिलीट किया जा चुका है।
फडणवीस ने खारिज की अफवाहें
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस हिंसा के संबंध में चल रही अटकलों को नकारा। उन्होंने कहा कि इसमें किसी विदेशी ताकत या बांग्लादेशी लिंक का कोई हाथ नहीं है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी साफ किया कि इस हिंसा का कोई राजनीतिक एंगल नहीं है। मुख्यमंत्री ने इंटेलिजेंस की भूमिका पर भी सफाई दी और कहा कि यह घटना खुफिया तंत्र की नाकामी नहीं थी, हालांकि सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा सकता था।
महिला पुलिसकर्मियों से छेड़छाड़ की अफवाह खारिज
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि महिला पुलिसकर्मियों से छेड़छाड़ हुई थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने इस खबर को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की गई थी, लेकिन कोई छेड़छाड़ नहीं हुई।
बुलडोजर एक्शन की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने सख्त शब्दों में कहा कि जो लोग इस हिंसा में शामिल हुए हैं, उन्हें इसका कड़ा परिणाम भुगतना होगा। अगर वे नुकसान की भरपाई नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्तियां जब्त की जा सकती हैं, और बुलडोजर की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कैसे भड़की हिंसा?
यह हिंसा 17 मार्च को नागपुर के कई हिस्सों में पथराव और आगजनी की घटनाओं के रूप में सामने आई। यह घटना विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा छत्रपति संभाजी नगर में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान भड़की। इस दौरान धार्मिक लेख वाली चादर जलाने की अफवाह फैली, जिसके बाद हिंसा शुरू हुई।
Leave a Reply