झारखंड में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, IED ब्लास्ट में एक जवान घायल; कई हथियार बरामद

Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में बीती रात सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें नक्सलियों द्वारा किए गए एक IED ब्लास्ट में कोबरा 209 बटालियन के जवान सुनील कुमार घायल हो गए। इस दौरान नक्सलियों के कैंप से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए। सुरक्षाबलों ने बताया कि बरामद किए गए सारे सामान हाल ही में झारखंड-ओडिशा सीमा पर लूटे गए थे। बता दें, यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ चल रही व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है। जिसका उद्देश्य क्षेत्र से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करना है।
सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट
बता दें, झारखंड के सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ रहा है। यह क्षेत्र अपनी घनी वनस्पति और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के कारण नक्सलियों के लिए एक सुरक्षित ठिकाना रहा है। हाल के महीनों में, गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में झारखंड पुलिस, CRPF, कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमें नक्सलियों के खिलाफ तीव्र अभियान चला रही हैं। यह मुठभेड़ पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर प्रखंड के जलायकेला थाना क्षेत्र के तिरिलपोशी गांव के जंगल और पहाड़ी इलाकों में हुई। जहां सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी।
इसके बाद 30 मई को सुबह शुरू हुए इस ऑपरेशन में झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ (26, 60, 134, 174, 193, और 197 बटालियन), और झारखंड जगुआर की टीमें शामिल थीं। सुरक्षाबलों ने तिरिलपोशी के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। उस दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और एक आईईडी विस्फोट कर दिया। इस विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के जवान सुनील कुमार घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान कई हथियार बरामद
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें लगभग 100 राउंड गोलियां चलीं। नक्सलियों के कैंप पर धावा बोलने के बाद सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक, डेटोनेटर, और हथियार बरामद किए। जिनमें लूटा गया सामान भी शामिल था। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि नक्सलियों के कुछ वरिष्ठ नेताओं के इस क्षेत्र में छिपे होने की आशंका जताई है।
Leave a Reply