प्लेन क्रैश की घटनाओं में क्यों हो रही है बढ़ोतरी? इसके कारण और समाधान को समझना है जरूरी
Plane crash causes: हाल के वर्षों में हवाई दुर्घटनाओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाल ही में साउथ कोरिया में हुए एक प्लेन क्रैश में सात लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि हवाई दुर्घटनाओं के कारणों की सही जांच और उनकी रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि इन दुर्घटनाओं के कई कारण हो सकते हैं, जैसे पायलट की गलती, तकनीकी खामियां, खराब मौसम और एयरलाइन कंपनियों की लापरवाही।
एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, हवाई दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण पायलट की गलती है, जो लगभग 53%घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। पायलटों को खराब मौसम, यांत्रिक समस्याओं और सुरक्षित लैंडिंग की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, क्रू मेंबर्स की छोटी-छोटी गलतियां भी खतरनाक साबित हो सकती हैं, जैसे सामान को ठीक से न रखना।
एयरलाइन मेंटेनेंस की लापरवाही
एयरलाइंस द्वारा विमान के रखरखाव में लापरवाही भी दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। उदाहरण के तौर पर, 2000में अलास्का एयरलाइंस फ्लाइट 261में विमान के मेंटेनेंस में खामियां थीं, जो दुर्घटना का कारण बनीं। बिना उचित निरीक्षण के उड़ान भरने से तकनीकी खामियां जोखिम पैदा कर सकती हैं।
तकनीकी खामियां और मौसम का असर
विमान के निर्माण और डिज़ाइन में भी कुछ खामियां हो सकती हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 20%दुर्घटनाएं तकनीकी खामियों के कारण होती हैं। इसके साथ ही, खराब मौसम भी दुर्घटनाओं का कारण बनता है, जो कुल घटनाओं का 12%कारण है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम अकेले दुर्घटना का कारण नहीं होता, बल्कि इसके दौरान सही निर्णय न लेना भी जिम्मेदारी का हिस्सा है।
वहीं कुछ एयरलाइंस कंपनियां समय और लागत बचाने के लिए सुरक्षा मानकों से समझौता करती हैं। पायलटों पर दबाव डालकर जल्दबाजी में फैसले लेने के लिए मजबूर किया जाता है, जो सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है।
सुरक्षा उपकरण और लैंडिंग तकनीक की देखरेख जरूरी
विमानों की लैंडिंग में "ग्लाइड पाथ" और "इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम" (ILS) जैसे तकनीकी उपकरण पायलट को सही मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। हालांकि, इनका सही उपयोग और नियमित देखरेख जरूरी है।
इन कारणों को ध्यान में रखते हुए, विशेषज्ञों का कहना है कि हवाई दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। विमानन उद्योग में सुधार के लिए ठोस कदम उठाना बहुत जरूरी है। हवाई यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पायलट, एयरलाइंस और अधिकारियों को मिलकर नए मानकों की स्थापना करनी होगी।
Leave a Reply