सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर टिप्पणी करना अमेरिका पर पड़ा भारी, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
US Remarks On Arvind Kejriwal Arrest: हाल ही में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिकी विदेश विभाग ने टिप्पणी की थी। जिसको लेकर बुधवार को भारत ने एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक को तलब किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी मिशन की कर्यवाहक उप प्रमुख ग्लोरिया बर्बेना को तलब किया है। ये मुलाकात 40 मिनट तक चली।
दरअसल, हाल ही में विदेश विभाग के प्रवक्ता ने बयान दिया था कि अमेरिका अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की रिपोर्टों पर बारीकी से नजर रख रहा है। विदेश विभाग ने कहा कि वो एक निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया को प्रोत्साहित करता है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा था, हम मुख्यमंत्री केजरीवाल के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कानूनी प्रक्रिया को प्रोत्साहित करते हैं।
विदेश मंत्रालय ने जताई आपत्ति
इसी पर विदेश मंत्रालय ने आपत्ति जताई। मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों से दूसरों की संप्रभुता का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है और किसी देश की कानूनी प्रक्रिया पर दोषारोपण करना अनुचित है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हम भारत में कुछ कानूनी कार्यवाहियों के बारे में अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताते हैं। कूटनीति में, राज्यों से दूसरों की संप्रभुता और आंतरिक मामलों का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है।
ईडी की कस्टडी में हैं केजरीवाल
उन्होंने कहा कि भारत की कानूनी प्रक्रियाएं एक स्वतंत्र न्यायपालिका पर आधारित हैं जो उद्देश्यपूर्ण और समय पर परिणामों के लिए प्रतिबद्ध है। उस पर आक्षेप लगाना अनुचित है। बताते चलें, सीएम केजरीवाल कथित शराब घोटाले मामले में ईडी के गिरफ्त में हैं। वो 28 मार्च तक ईडी की कस्टडी में रहेंगे। लेकिन सीएम केजरीवाल ने गिरफ्तारी को कोर्ट में चुनौती दी है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply