15 दिनों तक इस दिशा में दीपक जलाने से पितृ दोष से मिलेगी मुक्ति, माता लक्ष्मी भी होंगी प्रसन्न
PitruPaksha 2024: भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि से पितृ पक्ष की शुरुआत होती है। इस साल पितृ पक्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रहेगा। इस दौरान पूर्वजों को याद करके उनके नाम का अनुष्ठान और तर्पण किया जाता है। इससे उनकी आत्मा तृप्त होती है। ऐसा कहा जाता है कि हमारे पूर्वज 15 दिन के लिए धरती पर आते है। इस समय वो अपने वंशजों के बीच रहते हैं।
पितृ पक्ष के समय पितरों को प्रसन्न करने के लिए दीपक के चमत्कारी उपाय बहुत ही प्रभावशाली माने जाते हैं। रोजाना इन 4 स्थानों पर दीपक जलाना बहुत ही अच्छा माना जाता है। ऐसा करने से न सिर्फ आपके पूर्वज आपसे प्रसन्न होंगे बल्कि मां लक्ष्मी की कृपा भी बना रहेती है। मां लक्ष्मी ऐसे लोगों से बेहद प्रसन्न होती हैं जो अपने बुजुर्गों की सेवा करते हैं और मरने के बाद उनके नाम से दान पुण्य आदि करते हैं। आइए जानते हैं पितृ पक्ष में रोजाना किन 4 स्थानों पर दीपक जलाना चाहिए।
दक्षिण दिशा में दीपक जलाएं
वास्तुशास्त्र के अनुसार, दक्षिण दिशा को पितरों की दिशा माना गया है। दक्षिण दिशा में पितरों का वास होता है, इसलिए पितृपक्ष के 15 दिनों में रोजाना इस दिशा में चौमुखी दीपक जलाना चाहिए। इससे पितृ प्रसन्न होते हैं और पितृ दोष से मुक्ति मिलती है। इसके लिए इस दिशा में सरसों के तेल का दीपक ही जलाना सबसे उचित माना जाता है। दक्षिण दिशा को यमराज की दिशा माना जाता है। मान्यता है कि इस दिशा में दीपक जलाकर रखने से पूर्वजों की राह रोशन होती है और उनके मार्ग में कोई बाधा नहीं आती।
पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाएं
पितृ पक्ष में रोजाना शाम के समय पीपल के पेड़ के नीचे काले तिल डालकर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। मान्यता के अनुसार, पीपल के पेड़ को हमेशा से ही शुभ माना जाता है। इस पेड़ पर देवी-देवताओं के साथ ही पितरों का भी वास होता है। इसलिए पितृ पक्ष में रोजाना यहां दीपक जलाकर रखने से पूर्वजों का आशीर्वाद आपको मिलता है। इसके साथ ही मां लक्ष्मी भी आपसे प्रसन्न होती हैं और आपके घर में वास करती हैं।
घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाएं
घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाकर रखना बहुत ही शुभ माना जाता है। पितृ पक्ष में इस स्थान पर शाम के वक्त दीपक जलाकर रखने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। साथ ही पितृ प्रसन्न होकर आपको सदैव सुखी और संपन्न रहने का आशीर्वाद देते हैं। मुख्य द्वार से मां लक्ष्मी का भी प्रवेश होता है। इसलिए घर के मुख्य द्वार को साफ-सुथरा और रोशन रखना चाहिए।
पितरों की तस्वीर के नीचे दीपक जलाएं
घर में जिस स्थान पर पितरों की तस्वीर रखी गई है, उस स्थान पर दीपक जरूर जलाना चाहिए। अगर आपके घर में तस्वीरों के नीचे दीपक जलाकर रखने की व्यवस्था न हो तो आप अपने पूर्वजों की तस्वीर पर दीया उतारकर इस दीपक को दक्षिण दिशा में रख दें। इस उपाय को करने से आपके पितरों की कृपा सदैव आप पर बनी रहती है। इससे घर में कभी अन्न और धन की कमी नहीं रहती है।
Leave a Reply