Manipur में नए साल पर हिंसा, 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, लगाया गया इंफाल में कर्फ्यू
Manipur Violence: मणिपुर में हिंसा अभी भी जारी है, मणिपुर के थौबल जिले में सोमवार शाम तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पांच अन्य घायल हो गए है। वहीं राज्य के पांच घाटी जिलों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने तीन चारपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारी, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, लिलोंग चिंगजाओ इलाके में पहुंचे और स्थानीय लोगों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए, अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या के बाद आगजनी
हमले के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, ये कारें किसकी थीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। अधिकारियों ने बताया कि ताजा हिंसा के बाद थौबल, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने शांति की अपील की
एक वीडियो संदेश में, मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने हिंसा की निंदा की और लोगों, विशेषकर लिलोंग के निवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस हमले के पीछे के लोगों को पकड़ने के लिए काम कर रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी।'
180से ज्यादा लोगों की मौत हो गई
बता दें कि 3 मई 2023 को मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 180 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और कई सौ लोग घायल हुए हैं। बहुसंख्यक मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में आयोजित 'आदिवासी एकजुटता मार्च' के बाद हिंसा शुरू हुई। आपको बता दें कि मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की संख्या करीब 53 फीसदी है और ये ज्यादातर इंफाल घाटी में रहते हैं। आदिवासी नागा और कुकी 40 प्रतिशत से कुछ अधिक हैं और पहाड़ी जिलों में रहते हैं।
Leave a Reply