इंडिया गठबंधन के लिए चुनाव से ज्यादा देश और लोकतंत्र महत्वपूर्ण -डॉ. सुशील गुप्ता
Haryana News: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता कांग्रेस के कार्यकर्ता की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश (जेपी) और सुखबीर चहल मौजूद रहे। इस मौके पर डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है।
उन्होंने आगे कहा कि, ईडी, सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को मजबूर कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा, यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का वहीं एक तिहाई विपक्ष का होगा।
‘कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है...’
उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। जो भाजपा खेलो इंडिया, स्टार्टप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे नारे देती थी, लेकिन जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से हर जगह से भाजपा इंडिया शब्द को हटाने पर लग गई। लेकिन इंडिया नाम कहां-कहां से हटाएंगे क्योंकि अंत में इंडिया ही जीतेगा।
जब खबरें आती थी कि इंडिया गठबंधन नहीं बनेगा तो भाजपा वालों के चेहरे खिलते थे लेकिन जब इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा घबराई हुई है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे।
Leave a Reply