7 बार मौत को हराया और बना दुनिया का सबसे लकी बदकिस्मत इंसान, कौन है वो शख्स जो हर हादसे से बच निकला
The Luckiest Unlucky Man: क्या आपने कभी किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में सुना है, जो कई बार मौत के मुंह में जाने के बाद बच निकला हो? जैसे हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में सिर्फ एक ही यात्री सुरक्षित बचा। ऐसे ही क्रोएशिया के फ्रेन सेलक (Frane Selak) को दुनिया का सबसे भाग्यशाली इंसान कहा जाता है। जिन्होंने अपनी जिंदगी में एक, दो नहीं बल्कि ना जानें कितनी बार खतरनाक, खौफनाक हादसों का सामना किया और हमेशा मौत के मुह से बच निकले। आइए, दुनिया के सबसे लकी इंसान फ्रेन सेलक के बारे में जानते है।
फ्रेन सेलक कौन थे?
बता दें, फ्रेन सेलक का जन्म 14 जून 1929 को क्रोएशिया में हुआ था। वे एक संगीत शिक्षक थे। जिनका 2016 में 86 साल की उम्र में निधन हो गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उन्होंने अपनी जीवन में कई बार मौत का सामना किया। कई ऐसे हादसों को देखा, जिसमें कई लोगों की जान चली गई, लेकिन हर हादसे में वह बच जाते। फ्रेन सेलक की जिंदगी में सात बार ऐसे हादसे हुए, जिनमें कई लोग मारे गए, लेकिन फ्रेन हर बार जिंदा बच निकले। इतना ही नहीं, उन्होंने बाद में लॉटरी में भी लाखों की रकम जीती।
1962 में ट्रेन हादसा
जनवरी 1962 में फ्रेन सराजेवो से डबरोवनिक जा रहे थे। उनकी ट्रेन एक ठंडे, बरसाती घाटी से गुजर रही थी। लेकिन तभी अचानक उनकी ट्रेन पटरी से उतर गई और नदी में जा गिरी। इस हादसे में 17 यात्री नदी में डूब गए। लेकिन फ्रेन को एक अज्ञात व्यक्ति ने बचा लिया। हालांकि, फ्रेन को चोटें भी आई, लेकिन वे जिंदा बच गए।
1963 में प्लेन क्रैश
इसके बाद साल 1963 में फ्रेन अपनी बीमार मां से मिलने के लिए जाग्रेब से रिजेका जा रहे थे। फ्लाइट पूरी तरह बुक थी, लेकिन उन्होंने क्रू को इमरजेंसी स्थिति समझाकर उन्हें ले जाने के लिए मना लिया। जिसके बाद वह विमान के पिछले हिस्से में एक फ्लाइट अटेंडेंट के पास बैठे थे। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह क्रैश हो गया। इस दौरान विमान का दरवाजा उड़ गया, और सेलाक 800 मीटर की ऊंचाई से बाहर जा गिरे। लेकिन किस्मत से वह एक घास के ढेर पर गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। इसके अलावा इस हादसे में फ्लाइट अटेंडेंट भी बच गई। लेकिन दुख बात यह रही कि बाकी सभी यात्रियों की जान चली गई।
1966 का बस हादसा
साल 1966 में फ्रेन बस से यात्रा कर रहे थे। लेकिन अचानक बस सड़क से फिसलकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में चार लोग नदी में डूब गए, लेकिन फ्रेन तैरकर किनारे पहुंच गए। उन्हें सिर्फ कुछ खरोंचें और चोटें आईं।
1970 में कार में लगी आग
साल 1970 में फ्रेन कार से यात्रा कर रहे थे। तभी उसमें आग लग गई। लेकिन समय रहते वो कार से कूद गए। जिसके बाद कुछ ही सेकंड बाद कार का फ्यूल टैंक फट गया।
1973 में दूसरा कार हादसा
1973 में फ्रेन की एक और कार में तकनीकी खराबी आई। खराब फ्यूल पंप ने गर्म तेल इंजन में डाला, जिससे हवा के छेदों से आग की लपटें निकलने लगीं। इस हादसे में उनके बाल जल गए, लेकिन वे फिर भी बिना गंभीर चोट के बच गए।
1995 में बस से टक्कर
1995 में जाग्रेब में फ्रेन को एक बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में भी उन्हें मामूली चोटें आईं। लेकिन भगवान की कृपा रही कि वे बच गए और जल्दी से ठीक भी हो गए।
1996 में पहाड़ी सड़क पर हादसा
साल 1996 में फ्रेन एक पहाड़ी सड़क पर गाड़ी चला रहे थे, तभी सामने से एक ट्रक आ गया। टक्कर से बचने के लिए उन्होंने गाड़ी मोड़ी, लेकिन उनकी कार रेलिंग तोड़कर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। लेकिन फ्रेन ने हिम्म्त कर कार का दरवाजा खोला और एक पेड़ पर लटक गए। उन्होंने अपनी कार को नीचे फटते हुए देखा, लेकिन वे फिर भी बच गए।
Leave a Reply