'पुतिन बिल्कुल पागल हो गए हैं', यूक्रेन पर रूसी हमले से ट्रंप का फूटा गुस्सा

Trump On Russian-Ukraine War: 24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध अब अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है, लेकिन संघर्ष अभी भी जारी है। 26 मई को रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। इस हवाई हमले ने न केवल यूक्रेन में भारी तबाही मचाई, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर कर दिया। ट्रंप जो पहले पुतिन के प्रति नरम रुख अपनाते नजर आए थे। वहीं, अब वो उनसे खफा नजर आ रहे है। रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद ट्रंप ने कहा 'पुतिन बिल्कुल पागल हो गए हैं। वे बेवजह लोगों को मार रहे हैं।'
रूस का सबसे बड़ा हवाई हमला
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रूस ने यूक्रेन पर करीब 367 ड्रोन और मिसाइलों के साथ हमला किया, जो इस युद्ध में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला माना जा रहा है। यूक्रेनी वायु सेना ने दावा किया कि उन्होंने 45 मिसाइलों और 266 ड्रोनों को नष्ट किया, लेकिन इसके बावजूद कीव सहित 30 से ज्यादा शहरों और गांवों में भारी नुकसान हुआ। वहीं, इस हमले में कम-से-कम 12 लोगों की मौत हुई। जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि रिहायशी इलाकों, सैन्य अस्पतालों और शॉपिंग सेंटरों को निशाना बनाया गया।
ट्रंप ने की तीखी आलोचना
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से हुई बातचीत में पुतिन की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा 'यह एक ऐसा युद्ध है जो अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो कभी शुरू नहीं होता। यह ज़ेलेंस्की, पुतिन और बाइडेन का युद्ध है, ट्रंप का नहीं।' ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा 'रूस के व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन उनके साथ कुछ हुआ है। वे बिना किसी कारण के यूक्रेन के शहरों पर मिसाइल और ड्रोन दाग रहे हैं।'
ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि अगर रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ी, तो अमेरिका इस मामले से पीछे हट सकता है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने रूस पर 25 से 50 प्रतिशत तक सेकेंडरी टैरिफ लगाने की धमकी भी दी। जिससे रूसी तेल और अन्य संसाधनों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। बता दें, ट्रंप का यह बयान उनके पहले बयान से बिल्कुल अलग है। जिसमें उन्होंने पुतिन को "प्रतिभाशाली" बताया था और उनके साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों की बात की थी।
ट्रंप के बयान पर पुतिन का जवाब
दूसरी ओर, रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने ट्रंप के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन का एक बड़ा हिस्सा रूस के साथ दोबारा मिलना चाहता है। पुतिन ने भी युद्धविराम की बातचीत के लिए अपनी शर्तें रखी हैं। जिसमें यूक्रेन के उन क्षेत्रों को रूस का हिस्सा मानना शामिल है, जो वर्तमान में रूसी कब्जे में हैं। जैसे दोनेत्स्क और लुहांस्क। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इन शर्तों को अस्वीकार करते हुए कहा कि यूक्रेन अपने क्षेत्रीय अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।
मालून हो कि ट्रंप और पुतिन के बीच हाल ही में हुई दो घंटे की फोन वार्ता ने भी युद्धविराम की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं दिखाई। ट्रंप ने इस बातचीत को सार्थक बताया। लेकिन पुतिन ने स्पष्ट किया कि कोई भी समझौता युद्धक्षेत्र की वास्तविक स्थिति पर आधारित होगा।
यूक्रेन ने भी दिया जवाब
यूक्रेन ने भी इस युद्ध में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए जवाबी कार्रवाई की है। हाल ही में, यूक्रेन ने मॉस्को पर 34 ड्रोनों के साथ हमला किया, जो 2022 के बाद रूसी राजधानी पर सबसे बड़ा हमला था। इस हमले ने रूस के तीन प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों को प्रभावित किया और एक व्यक्ति को घायल कर दिया। यूक्रेन ने रूस के ब्रांस्क इलाके में एक शस्त्रागार पर भी हमला किया।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular


Leave a Reply