यूक्रेन में युद्धविराम पर ट्रंप-पुतिन की फोन पर हुई बातचीत, सीजफायर के लिए समझौते को बताया जरूरी
Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन साल से ज्यादा समय से युद्ध चल रहा है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हाल ही में हुई बातचीत ने युद्धविराम की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीदें जगाई हैं। लेकिन पुतिन का कहना है कि युद्धविराम पर चर्चा तभी होगी, जब दोनों पक्षों के बीच ठोस समझौता हो और संघर्ष के मूल कारणों का समाधान निकले। बता दें, यह बयान पुतिन ने ट्रंप के साथ दो घंटे की फोन कॉल के दौरान दिया। जिसमें यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए गहन चर्चा हुई।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर पुतिन की शर्तें
हाल ही में, रूस-यूक्रेन युद्धविराम को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच दो घंटे फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान पुतिन ने कहा कि रूस युद्धविराम के लिए तैयार है। लेकिन युद्धविराम का मतलब केवल अस्थायी राहत नहीं होना चाहिए। बल्कि यूक्रेन संकट की जड़ों को खत्म करने के लिए पहले समझौता जरूरी है। रूस ने पहले भी इस बात पर जोर दिया है कि यूक्रेन को नाटो में शामिल होने से रोकना और रूसी भाषी क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही उनकी प्रमुख मांगें हैं। पुतिन ने यह भी संकेत दिया कि वह ट्रंप के साथ इस मुद्दे पर और चर्चा करने को तैयार हैं। लेकिन यूक्रेन और पश्चिमी देशों को रूस की शर्तों पर गंभीरता से विचार करना होगा।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की मध्यस्थता
वहीं, दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस युद्ध को खत्म करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुतिन से हुई बातचीत को बेहद सकारात्मक बताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा 'रूस और यूक्रेन जल्द ही युद्धविराम और युद्ध के अंत की दिशा में बातचीत शुरू करेंगे। यह युद्ध, जो कभी नहीं होना चाहिए था, अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है।' ट्रंप ने यह भी कहा कि युद्ध के बाद रूस और यूक्रेन दोनों व्यापार और पुनर्निर्माण के माध्यम से आर्थिक लाभ उठा सकते हैं।
Leave a Reply