रियल एस्टेट सेक्टर पर अमेरिका-ईरान युद्ध का असर, दुबई और भारत में बिक्री में गिरावट
Global Real Estate Impact: अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के एक महीने बाद वैश्विक रियल एस्टेट बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है। युद्ध ने न केवल कूटनीतिक समीकरण बदल दिए हैं, बल्कि दुनिया भर के घर और निवेश बाजार को भी प्रभावित किया है। 2026 की शुरुआत में अमेरिकी हाउसिंग मार्केट रिकवरी की राह पर था, लेकिन युद्ध के कारण मॉर्गेज रेट्स (Home Loan Rates) में तेजी और कर्ज महंगा हो गया है। महंगाई बढ़ने का डर और बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव ने होम लोन के आवेदनों में पहले ही सप्ताह में 5% की गिरावट ला दी। अब मध्यम वर्ग के अमेरिकी खरीदार ऊंची ईएमआई के डर से घर खरीदने से कतरा रहे हैं।
दुबई में युद्ध के कारण दबाव
दुबई, जो सालों से निवेशकों के लिए ‘सेफ हेवन’ माना जाता था, इस बार युद्ध की भौगोलिक निकटता के कारण दबाव में है। फरवरी के अंत से मार्च के बीच दुबई में सिर्फ 8,157 डील हुईं, जो पिछले साल इसी अवधि में 12,196 थीं। यह 33% की गिरावट दर्शाती है। निवेशक फिलहाल सौदों से बच रहे हैं और लग्जरी विला और वॉटरफ्रंट प्रॉपर्टीज की कीमतों में 4-5% तक की कटौती देखी जा रही है। विशेषज्ञ इसे ‘वेट एंड वॉच’ की स्थिति बता रहे हैं।
भारत में भी दिख रहा असर
भारत में भी इसका असर पड़ा है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी ANAROCK की Q1 2026 रिपोर्ट के अनुसार, टॉप 7 शहरों में घरों की बिक्री पिछली तिमाही की तुलना में 7% कम रही। चेन्नई में 18% की सबसे ज्यादा गिरावट हुई, जबकि मुंबई और बेंगलुरु में 5-6% की कमी दर्ज की गई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने सीमेंट, स्टील और ट्रांसपोर्टेशन की लागत बढ़ा दी है, जिससे बिल्डरों के लिए प्रोजेक्ट समय पर पूरा करना और कीमतें स्थिर रखना मुश्किल हो गया है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
मध्य पूर्व में रहने वाले NRI भारतीय रियल एस्टेट के बड़े खरीदार हैं, जिन्होंने फिलहाल नए निवेश पर रोक लगा दी है। नई लॉन्चिंग में मामूली 2% की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बिना बिके घरों की संख्या बढ़कर 6 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक अशांति और युद्ध के चलते निवेशक सतर्क हो गए हैं, जिससे रियल एस्टेट बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply