झुंझुनू में ऑनर किलिंग...पिता ने बेटी पर किया हथौड़े से वार, हादसा बताने की कोशिश नाकाम
Rajasthan Honor Killing: राजस्थान के झुंझुनू जिले के पिलानी इलाके के घूमनसर कलां गांव में ऑनर किलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी 23 साल की बेटी की कथित तौर पर हथौड़े से मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी बेटी के प्रेम संबंध से नाराज था। घटना के बाद परिवार ने इस हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की। परिजनों ने दावा किया कि लड़की की मौत सीढ़ियों से गिरने से हुई है और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई। लेकिन इसी बीच जयपुर से आई मृतका की मौसी को उसके शरीर पर गहरे घाव और खून के निशान देखकर शक हुआ।
मृतका की मौसी ने दी पुलिस को जानकारी
इसके बाद मौसी ने तुरंत अपने बेटे के जरिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर खून के धब्बे मिले और युवती की कनपटी पर गहरा घाव भी दिखा, जिससे मामला हत्या का लगने लगा। पुलिस जांच में सामने आया कि पिता और बेटी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दरअसल, प्रियंका नाम की इस युवती को अपनी दोस्त के भाई से प्यार हो गया था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन पिता ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पुलिस हिरासत में पिता
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर पिता ने बेटी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मृतका प्रियंका बीएससी की छात्रा थी और झुंझुनू में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
Leave a Reply