हरियाणा में ट्यूशन बना आखिरी सफर! गुहला-चीका में 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या
Haryana News: हरियाणा के कैथल जिले के गुहला-चीका खंड के गांव खरकां में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां 10वीं कक्षा के छात्र नवराजदीप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी विनीत घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार नवराजदीप ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसकी कुछ हमउम्र छात्रों से झगड़ा हो गया। इसी दौरान हमलावरों ने नवराजदीप और विनीत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले में नवराजदीप के शरीर पर 8 से 10 चाकू के वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनीत घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी नायब सिंह ने बताया कि मृतक की आरोपियों से पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना रामथली नहर के पास की है जहां पर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने 5 नामजद और12 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply