दिल्ली में प्लास्टिक कारोबारी की हत्या, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
Delhi News: दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिले के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर प्लास्टिक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। यह दावा सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट के जरिए सामने आया है।
हमलावरों ने की लगातार फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, ये घटना सोमवार को सेक्टर-4, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्लास्टिक कारोबारी वरुण गांधी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन से चार हथियारबंद हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और कारोबारी पर कई राउंड फायरिंग की। गोली चलने के बाद वरुण गांधी ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर लगातार फायरिंग की।
लोगों ने दी थी पुलिस को जानकारी
घटना की जानकारी पुलिस को दोपहर लगभग 12:51 बजे मिली, जब महाराजा अग्रसेन अस्पताल से सूचना दी गई कि एक व्यक्ति को गोली लगने की हालत में लाया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
सोशल मीडिया पर हुई पोस्ट वायरल
हत्या के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें रणदीप मलिक नाम के व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. पोस्ट में मृतक का नाम वैभव गांधी लिखा गया है, जिसको लेकर पुलिस असमंजस में है। पुलिस का कहना है कि पोस्ट की सच्चाई, भाषा और अकाउंट की जांच की जा रही है. यह भी देखा जा रहा है कि पोस्ट लिखने वाला व्यक्ति वास्तव में गैंग से जुड़ा है या नहीं।
क्या थी हत्या की वजह?
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply