दिल्ली से मुंबई तक बारिश का कहर, इन राज्यों में जलभराव और भूस्खलन से त्राहिमाम!
Weather Update: देशभर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालातों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिससे लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने मुंबई में रेड अलर्ट और दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर उफान पर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। ITO, साउथ एवेन्यू, मंडी हाउस, वसंत कुंज और आरके पुरम जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यमुना नदी का जलस्तर 204.4मीटर तक पहुंच गया है, जो चेतावनी स्तर (204.5मीटर) से मात्र 10सेमी नीचे है। IMD ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। जलभराव के कारण कई उड़ानों में देरी हुई है, और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों को अपनी एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है।
हिमाचल में भूस्खलन की स्थिति
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। कुल्लू जिले में लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाला में मलबा आने से भूस्खलन हुआ, जिसके चलते यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं, शिमला-मंडी मार्ग पर सुन्नी-तत्तापानी सड़क धंसने से यातायात ठप है और चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर मंडी, औट, और कैंची मोड़ जैसे क्षेत्रों में भूस्खलन ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है। सतलुज नदी के उफान पर होने से तत्तापानी रोड का हिस्सा बह गया है। जानकारी के अनुसार, पूरे राज्य में 249सड़कें भूस्खलन से प्रभावित हुई हैं। वहीं, स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस महत्वपूर्ण सड़क को जल्द बहाल किया जाए ताकि आवागमन सामान्य हो सके।
मुंबई में रेड अलर्ट जारी
महाराष्ट्र में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नांदेड़ में लेंडी नदी के बैकवाटर ने कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है और 40-50भैंसों के डूबने की खबर है। वाशिम जिले में महागांव-बलखेड़ मार्ग और मालेगांव तालुका में जांगीर महाराज संस्थान का रास्ता बंद हो गया है। वहीं, उकुलीपेन गांव का मुख्य पुल पानी में डूब गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। गणपति की मूर्तियों के गोदामों में जलभराव से मूर्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। NDRF की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं।
UP की सड़कों पर भरा पानी
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भारी बारिश ने सड़कों को तालाब में बदल दिया है। बड़ौत में गांधी रोड, जैन कॉलेज मार्केट, और डाकखाना रोड पर कई फीट पानी जमा हो गया है, जिससे दुकानों और घरों में पानी घुस गया। व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन पानी में डूबकर खराब हो गए हैं। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
Leave a Reply