आज शाम इस्तीफा देंगे हेमंत सोरेन, कब होगा शपथ ग्रहण? जानें सभी अहम डिटेल्स

Jharkhand Elections: झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम शनिवार को घोषित किए गए। 81सीटों पर हुए इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को बहुमत प्राप्त हुआ है। इसके बाद राज्य में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज शाम चार बजे राजभवन में राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे और फिर सरकार बनाने का दावा करेंगे।
26नवंबर को शपथ ग्रहण
खबरों के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सहयोग से नई सरकार बनेगी। जेएमएम के कोटे से छह, कांग्रेस के कोटे से चार और आरजेडी के कोटे से एक मंत्री बनाए जाएंगे। यह नई सरकार 26नवंबर को शपथ ग्रहण करेगी।
सूत्रों ने बताया कि हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ नई सरकार की रूपरेखा पर चर्चा पूरी कर ली है। शपथ ग्रहण समारोह में 'INDIA' गठबंधन के प्रमुख दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं। इनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मार्क्सवादी नेता दीपांकर भट्टाचार्य का नाम प्रमुख है।
हेमंत सोरेन बने रहेंगे मुख्यमंत्री
झारखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फिर से अपनी राजनीतिक ताकत को साबित किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81सदस्यीय विधानसभा में 56सीटों पर जीत हासिल की। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत एनडीए केवल 24सीटों पर ही सिमट कर रह गया। विधानसभा में बहुमत के लिए 41सीटों की आवश्यकता होती है, और झामुमो नीत गठबंधन ने यह आंकड़ा आसानी से पार किया।
हेमंत सोरेन ने चुनावी परिणामों के बाद 'इंडिया' गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के लिए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया और राज्य को नई दिशा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
Leave a Reply