राहुल गांधी के 'मेड इन चाइना' दावे पर PM मोदी का तंज, कहा -किस दुनिया में रहते हो मूर्खों के सरदार
PM Modi Slams Rahul Gandhi: मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव प्रचार 15 नवंबर की शाम को समाप्त हो जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश के चुनावी मैदान में मोर्चा संभाला, वहीं कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभाएं हुईं।
बैतूल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए PMमोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल पर तंज भी कसा। राहुल के 'मेड इन चाइना फोन' वाले बयान पर प्रधानमंत्री ने कहा, 'कल कांग्रेस के एक बड़े विशेषज्ञ कह रहे थे कि भारत में हर किसी के पास मेड इन चाइना मोबाइल फोन है। अरे मूर्खों के सरदार, तुम किस दुनिया में रहते हो? कांग्रेस नेताओं को अपने देश की उपलब्धियां नजर नहीं आने की मानसिक बीमारी हो गयी है। जबकि सच्चाई यह है कि आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता है।
'अब भारत में हर साल बनते हैं 3।5लाख करोड़ रुपये के मोबाइल'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो भारत में हर साल 20 हजार करोड़ रुपये से कम के मोबाइल फोन बनते थे। जबकि आज भारत में 3।5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के मोबाइल बनते हैं। आज पूरा देश लोकल के लिए वोकल हो रहा है। त्योहारों के मौके पर लोग भारत में बने उत्पाद और भारतीयों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीद रहे हैं। लेकिन क्या किसी कांग्रेस नेता ने लोकल के लिए वोकल होने को कहा?
कांग्रेस जहां भी आई, विनाश लेकर आई: PMमोदी
उन्होंने कहा, 'जैसे-जैसे 17 नवंबर की तारीख करीब आ रही है। वैसे-वैसे कांग्रेस नेताओं की चालें उजागर होती जा रही हैं। आज पूरे मप्र से खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस ने हार मान ली है और खुद को भाग्य पर छोड़ दिया है।कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वादे एक पल भी नहीं टिक सकते। यह चुनाव मध्य प्रदेश के विकास को डबल इंजन की गति देने के लिए है। युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ने के नये अवसर देना। कांग्रेस की लूट और भ्रष्टाचार का पंजा फिर कभी मध्य प्रदेश की तिजोरी को न छूने देना। आपको याद रखना है कि कांग्रेस छीनना जानती है, लूटना जानती है। जहां-जहां कांग्रेस आई, वहां-वहां विनाश किया।
'मेड इन चाइना' पर क्या बोले राहुल गांधी?
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से पार्टी सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के हरदा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए 'मेड इन चाइना' को 'मेड इन मध्य प्रदेश' बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा, 'आप मोबाइल फोन के पीछे देखें, शर्ट के पीछे देखें, जूते के नीचे देखें, आपको मेड इन चाइना दिखेगा। क्या आपने कभी कैमरे के पीछे या शर्ट पर मेड इन मध्य प्रदेश देखा है? हम यही करना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मैं चाहता हूं कि हमारी सरकार आने के बाद युवा बेरोजगार न रहें, फैक्टरियों में काम करें। एक दिन, जब एक युवा चीनी व्यक्ति अपना फोन निकालता है, तो उसके पीछे लिखा होता है 'मेड इन मध्य प्रदेश'। वह कहे कि यार, यह मध्य प्रदेश कहां है? मैं जाकर देखना चाहता हूं। यह कौन सी जगह है जिसने हमारी सारी नौकरियाँ ले लीं और मेड इन चाइना को मेड इन मध्य प्रदेश बना दिया?
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply