रामपुर में मूक-बधिर नाबालिग से हैवानियत, शरीर पर मिले कई चोटों के निशान, आरोपी गिरफ्तार
Rampur Rape: उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग मासूम के साथ दरिंदगी की गई। पीड़िता बोलने और सुनने में असमर्थ है। जैसे ही वह अपने घर से निकली, आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर शिकायत दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश
यह घटना रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि लड़की देर शाम को अपने घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो वह कहीं नहीं मिली। रातभर परिवार वाले उसे ढूंढते रहे। सुबह बदहवास हालत में लड़की एक खेत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में नाबालिग बेटी के साथ रेप का आरोप लगाया है। बच्ची बोलने और सुनने में असमर्थ है। पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की, तो सीसीटीवी में दान सिंह नाम का युवक लड़की को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। एसपी विद्यासागर मिश्र के निर्देश पर तीन स्पेशल टीमें गठित की गईं। इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि आरोपी ग्राम खरसोल का रहने वाला है। पुलिस के पास इस संबंध में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। लड़की जब घर से निकली, तभी आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसके बाद उसने पीड़िता के साथ रेप किया। लड़की को गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply