बांग्लादेश में हिंसा और भारत के साथ बढ़ रहा तनाव, रूस ने दिया शांति का संदेश
Bangladesh Violence: बांग्लादेश अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। राजधानी ढाका में बीते हफ्ते से हिंसा और उपद्रव जारी है। यह स्थिति उस समय उत्पन्न हुई जब बांग्लादेश के छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हादी की मौत के बाद इस्लामिक कट्टरपंथियों ने हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए, जिनमें भारत को भी निशाना बनाया गया।
बांग्लादेश में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत ने चटगांव स्थित इंडियन वीजा एप्लीकेशन सेंटर में वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दीं। इसके जवाब में बांग्लादेश ने भी अपनी कांसुलर और वीजा सेवाओं को सस्पेंड कर दिया। इससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
भारत के साथ संबंध सुधारने की कोशिश
इस बढ़ते तनाव पर रूस ने भी प्रतिक्रिया दी है। रूस के राजदूत अलेक्जेंडर जी. खोजिन ने कहा कि बांग्लादेश जितनी जल्दी संभव हो, भारत के साथ संबंध सुधारने का प्रयास करे। ढाका स्थित रूसी दूतावास में प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोजिन ने कहा कि बांग्लादेश में होने वाले आगामी चुनाव से पहले अनुकूल और शांतिपूर्ण माहौल बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस बांग्लादेश और भारत के द्विपक्षीय संबंधों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहता, लेकिन मौजूदा तनाव को बढ़ने से रोकना समझदारी होगी।
भारत और बांग्लादेश का इतिहास
इतिहास के लिहाज से भारत और बांग्लादेश के बीच मजबूत और गहरे संबंध रहे हैं। बांग्लादेश की आजादी में भारत की अहम भूमिका रही थी। बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर्रहमान और उनके परिवार ने भारत के योगदान को हमेशा याद रखा। उनकी बेटी और पूर्व सीएम शेख हसीना ने भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखे। हालांकि, पिछले साल जुलाई-अगस्त में हुए छात्र आंदोलन और राजनीतिक अस्थिरता की वजह से शेख हसीना की सरकार गिर गई। वर्तमान में नोबेल पुरस्कार विजेता शेख यूनुस की कार्यकारी सरकार है। विशेषज्ञों का कहना है कि उनकी सरकार इस्लामी कट्टरपंथियों को बढ़ावा दे रही है। इसी कारण बांग्लादेश में अल्पसंख्यक, खासकर हिंदुओं पर हमले बढ़ गए हैं।
बांग्लादेश में हालात तब और बिगड़ गए जब 12 दिसंबर को अज्ञात बंदूकधारियों ने इंकलाब मंच के प्रवक्ता उस्मान हादी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल हादी को बेहतर इलाज के लिए थाईलैंड ले जाया गया, लेकिन बीते गुरुवार उनकी मौत हो गई। इसके बाद बांग्लादेश में हिंसा फैल गई और उपद्रवियों ने सरकारी आवास और भारत से जुड़े डिप्लोमेटिक मिशन को भी निशाना बनाया। रूस ने दोनों देशों से शांति और समझदारी का संदेश दिया है और कहा है कि तनाव कम करना हर किसी के लिए फायदेमंद होगा।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply