कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिए तीसरी बार हरियाणा की झांकी का चयन, जानें क्या है इस बार की थीम
चंडीगढ़: गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी के दिन कर्तव्य पथ पर 'मेरा परिवार-मेरी पहचान' थीम पर हरियाणा की झांकी प्रदर्शित की जाएगी। हरियाणा ऑनलाइन सेवाओं के लिए पहले ही देश भर में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़ ने बताया कि 'मेरा परिवार-मेरी पहचान" कार्यक्रम की शुरुआत आम जन को घर द्वार पर सरकारी सुविधाएं व सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर की गई है।
महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल इनोवेटिव सोच के साथ प्रदेश में अनूठी योजनाएं लागू कर हरियाणा को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय की गठित विशेषज्ञ कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों व मंत्रालयों की झांकियों के चयन की प्रक्रिया नवंबर माह में शुरू की जाती है। जिसमें सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व मंत्रालय अपनी-अपनी थीम पर झांकी संबंधित जानकारी विशेषज्ञ कमेटी के समक्ष रखते हैं। विशेषज्ञ कमेटी प्रासंगिकता और केन्द्र सरकार द्वारा सुझाए गए थीम के आधार पर झांकियों का चयन करती है। हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन उद्योग, कृषि और विविध प्रकार के व्यवसाय के लिए देश में सदैव अग्रणी पंक्ति में रहा है.
मनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच के चलते हरियाणा राज्य ने देश को विकसित भारत बनाने के स्वप्न को साकार करने के लिए आधारभूत संरचना तैयार करने समेत कई मील के पत्थर स्थापित किए है। इस साल हरियाणा राज्य की झांकी नए भारत को प्रदर्शित कर रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शानदार मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है।
Leave a Reply