‘हम भी झांसा में आ गए और हमने भी अपना खाता खुलवाया’, I.N.D.I.A. की बैठक के बाद जमकर बरसे लालू यादव
Lalu Yadav: विपक्षी गठबंधन INDIA की आज दूसरे दिन की बैठक हुई। बैठक के बाद आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने केंद्र सरकार के साथ साथ पीएम मोदी पर पर हमला बोला साथ में गठबंधन पर भी बात की। आरजेडी प्रमुख ने कहा हम एक नहीं थे जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा। इसके साथ ही लालू यादव ने इसरो के वैज्ञानिकों से अपील है कि मोदी जी को सूर्यलोक पहुंचाओ।
मुंबई में बैठक के बाद लालू यादव ने कहा, ''मुझे काफी प्रसन्नता हुई कि हम इस देश की विविध पार्टियों के नेता अलग-अलग बैठे थे और नरेंद्र मोदी बढ़ रहे थे आगे। हम एक नहीं थे। एक मंच पर एक-एक उम्मीदनार खड़े नहीं होते थे, उसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा और मोदी ने इसका लाभ उठाया।''आरजेडी प्रमुख ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ''हम शुरू से ही यह लड़ाई लड़ते रहे हैं कि भाजपा हटाओ-देश बचाओ। भा माने भाजपा, ज माने जलाओ और पा माने पार्टी, बोलते रहते थे। यह बात सही निकल रही है।''
देश में माइनॉरिटी नहीं हैं सुरक्षित
आरजेडी प्रमुख ने कहा ''इस देश में माइनॉरिटी सुरक्षित नहीं है, क्या-क्या हुआ आपको मालूम होगा। इस देश में क्या हो रहा है। आज हमारे अल्पसंख्यक भाई सुरक्षित नहीं हैं। देश में गरीबी बढ़ रही है, महंगाई बढ़ रही है, 60रुपये किलो भिंडी हो गई। टमाटर का जो हाल है सो जानते ही हैं, टमाटर में कोई स्वाद भी नहीं है...''लालू यादव ने ये भी कहा कि, ''लगातार लड़ाई लड़ते-लड़ते हम लोग आज इस मुकाम पर आए हैं कि अब हम सब पटना, बेंगलुरु और महाराष्ट्र की मीटिंग के बाद एक निष्कर्ष पर पहुंचे हैं और एक स्वरूप बना है, संगठन बना है...''
अफवाह फैला रही बीजेपी
लालू यादव यहीं नहीं रुके आरजेडी प्रमुख ने आगे कहा, आप सबको याद होगा कि कितना झूठ बोलकर, कितनी अफवाह फैलाकर ये (बीजेपी) सत्ता में आए थे। मेरा भी नाम उस समय और देश के नेताओं का नाम इन लोगों ने यह प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में जमा है। मोदी जी बोले कि हम आए हैं और स्विस बैंक का पैसा लाकर देश के तमाम लोगों को, जिनका खाता खुलवाया, उनमें 15-15लाख जमा करेंगे। हम भी झांसा में आ गए और हमने भी अपना खाता खुलवाया। मेरी सात बेटियां, दो बेटे और पति-पत्नी दोनों मिलाकर 11हो जाते हैं। देखा कि भाई 15से गुणा कर दीजिए, पैसा काफी मिल जाएगा।''
इसरो के वैज्ञानिकों सेकी अपील
उन्होंने कहा, ''हमने तो पशुपालन में कोई बेईमानी, शैतानी, भ्रष्टाचार नहीं किया जो भ्रष्टाचार नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, करा रहे हैं। सारे देशभर के लोगों का खाता खुलवा दिया, सभी गरीबों का, प्रचारित करवाया इन लोगों ने और मिला क्या... एक पैसा नहीं। सब इन्हीं लोगों का पैसा था।''लालू यादव ने कहा, ''अभी काफी जय-जयकार हो रहा है, होना चाहिए, वैज्ञानिकों का होना चाहिए।'' लालू यादव ने कहा , ''हम अपील कर रहे है इसरो के वैज्ञानिकों से, अपने देश के वैज्ञानिकों से कि मोदी जी को पीछे नहीं रहना चाहिए, इनको चंद्रलोक की बात छोड़ो, अब सूर्यलोक पर इनको पहुंचाओ। पहुंच तो जाएं वहां, दुनियाभर में नाम हो जाएगा मोदी जी का. अमेरिका जैसे देश सब पीछे छूट जाएंगे।''
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply