एसवाईएल मुद्दे पर हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों की हुई अहम बैठक, बातचीत को बताया सकारात्मक
nayab saini: सतलुज-यमुना लिंक यानी एसवाईएल नहर को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को चंडीगढ़ में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक हुई। इस बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आमने-सामने बैठे और पानी के इस संवेदनशील मुद्दे पर विस्तार से बातचीत की। खास बात यह रही कि बैठक के बाद दोनों मुख्यमंत्री एक साथ मीडिया के सामने आए और बातचीत को सकारात्मक बताया।
ये गुरुओं की भूमि है
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बात करते हुए कहा कि यह भूमि गुरुओं की भूमि रही है और गुरु नानक देव जी की वाणी आज भी हम सबको रास्ता दिखाती है। उन्होंने गुरु नानक देव जी की पंक्तियां दोहराईं "पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत।" उन्होंने कहा कि यह वाणी हमें सिखाती है कि हवा, पानी और धरती कितने महत्वपूर्ण हैं और हमें इनका सम्मान करना चाहिए। इसी सोच के साथ आज की बैठक भी अच्छे माहौल में हुई।
सकारात्मक रही बातचीत
नायब सिंह सैनी ने कहा कि बातचीत बहुत सकारात्मक माहौल में हुई है और जब बातचीत अच्छे माहौल में होती है तो उसके नतीजे भी अच्छे निकलते हैं। उन्होंने बताया कि इस बैठक में यह तय किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया को बढ़ाया जाएगा। इससे पहले केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटील की अध्यक्षता में भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी और वहां भी माहौल सकारात्मक रहा था। आज की बैठक में भी यही सहमति बनी कि आने वाले समय में दोनों राज्यों के अधिकारी स्तर पर बैठक नियमित रूप से बातचीत करेंगे। अधिकारी जो भी निष्कर्ष निकालेंगे, उसे दोनों मुख्यमंत्रियों के सामने रखा जाएगा और फिर उस पर आगे फैसला लिया जाएगा।इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंजाब के मुख्य सचिव श्री के पी सिन्हा, हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल सहित दोनों राज्यों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनके अलावा, दोनों राज्यों के एडवोकेट जनरल भी मौजूद रहे।
समझदारी से हल होगा मुद्दा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह मुद्दा बहुत समय से चल रहा है, बल्कि यूं कहें कि लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरुओं की वाणी हमें मार्गदर्शन देती है। हम भाई कन्हैया जी के वारिस हैं, जिन्होंने युद्ध के दौरान दुश्मनों को भी पानी पिलाया था। हरियाणा हमारा दुश्मन नहीं है, यह तो हमारा भाई है। भगवंत मान ने पानी के मुद्दे को केवल पंजाब और हरियाणा तक सीमित न बताते हुए कहा कि आने वाले समय में पानी पूरी दुनिया का ही बड़ा मसला बनने वाला है। भविष्य में पानी को कैसे मैनेज करना है, कैसे बांटना है, यह एक बड़ी चुनौती होगी। एसवाईएल का मुद्दा भी इसी से जुड़ा हुआ है और इसलिए इसे समझदारी से हल करना जरूरी है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply