Haryana: ‘भाजपा विकास की गारंटी, कांग्रेस ने किया किसानों का अपमान’, नायब सैनी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
Haryana: भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने चरखी दादरी में अपने नागरिक अभिनंदन समारोह में मोदी और मनोहर सरकार के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की। वहीं उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर भी जमकर निशाना साधा। सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को समस्याओं में उलझाकर रखा है, तो वहीं PM मोदी ने देश की समस्याओं का स्थायी समाधान किया। PMमोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व बदलाव आया है और विश्व पटल पर भारत की छवि भी सशक्त हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी-मनोहर की डबल इंजन सरकार का कमाल है कि देश और प्रदेश के गरीब समर्थ हो रहे हैं और उनके चेहरे आत्मविश्वास से खिल रहे हैं।
आपको बता दें कि,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के चरखी दादरी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने रोड शो भी निकाला। दो घंटों तक चले इस रोड शो में जगह-जगह सैनी का सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
मोदी-मनोहर ने 9 सालों में बिछाया सड़कों का जाल
रोड शो के बाद मंच पर नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में जो सड़कों का जाल बिछा है यह कमाल मोदी-मनोहर सरकार ने 9 सालों में करके दिखाया है। 2014 से पहले एक जिले से दूसरे में जाने में घंटो लग जाते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कब दूसरा जिला आ गया पता ही नहीं चलता। श्री सैनी ने कहा कि बुनियादी सुविधाएं देकर डबल इंजन सरकार ने नागरिकों का जीवन सरल बनाने का काम किया है।
भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए सैनी ने कहा कि 2014 से पहले गरीब व्यक्ति पैसों के अभाव में इलाज नहीं करा पाता था। लेकिन अब मोदी-मनोहर सरकार ने आयुष्मान और चिरायु कार्ड योजना देकर गरीबों को इलाज की चिंता से मुक्ति दिलाई है। हर घर नल से जल, रसोई गैस कनेक्शन देकर महिलाओं के जीवन को सरल बनाने का काम मोदी और मनोहर सरकार ने किया है।
कांग्रेस ने पहले गरीबों से झूठ बोलकर वोट लीया-सैनी
कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पहले गरीबों से झूठ बोलकर वोट लीया और 55 सालों तक शासन किया। गरीब व्यक्ति कांग्रेस को वोट देकर सरकार को ढूंढते रहते थे और सरकार कहीं दिखाई नहीं देती थी। लेकिन 2014 के बाद मोदी सरकार बनने पर अब सरकार गरीबों को गांव-गांव में ढूंढकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ देते हुए समाज की मुख्यधारा से जोड़ रही है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस की दुकान खाली हो चुकी है, इसलिए अब कांग्रेस के नेता वोट लेने के लिए झूठी गारंटी दे रहे हैं। देश और प्रदेश के लोग कांग्रेस के क्रिया कलापों को भूले नहीं हैं। सैनी ने कांग्रेस को निशाना लेते हुए कहा कि कांग्रेस की गारंटी है तीन-तीन दिनों तक गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में खड़े रखना। झूठी लोकप्रियता के लिए कांग्रेस के नेता नए-नए शगूफे छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की गारंटी वोट लो और भ्रष्टाचार करो। सैनी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की झूठ और फरेब का जनता के बीच जाकर भांडा फोड़े और लोगों को बताएं कि मोदी और मनोहर सरकार ने जितने काम किए हैं उतने काम कांग्रेस 55 सालों तक नहीं कर पाई।
“भाजपा विकास की गारंटी, कांग्रेस ने किया किसानों का अपमान”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विकास की गारंटी देती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अगले पांच सालों तक 80 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क राशन देने की गारंटी दी है। प्रधानमंत्री ने 10 हजार जन औषधालय खोलकर सस्ती दवाओं की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब लोगों को छत और किसानों को हर वर्ष 6 हजार रुपये गारंटी के साथ भेज रही है। जबकि कांग्रेस की सरकार ने अपने शासनकाल में दो-दो रुपयों के चेक देकर किसानों का अपमान किया है।
सैनी ने कहा कि 2014 से पहले युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए राजदरबारियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लाखों रुपये खर्च होते थे, तब भी नौकरी नहीं मिलती थी। 2014 के बाद मनोहर सरकार बनने पर युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के मैरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन 9 सालों में मोदी और मनोहर सरकार ने देश और प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है। प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य देश को विकसित करना है वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फोकस हरियाणा का देश का नंबर-1 राज्य बनाना है।
सैनी ने कार्यकर्ताओं से की अपील
प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सभी लोग मोदी और मनोहर सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं लेकिन कांग्रेस की कारगुजरियां भी जरूरत बताएं। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को भाजपा से जोड़ते हुए 2024 के चुनाव में दस की दस लोकसभाओं में कमल खिलाने के लिए अभी से कड़ी मेहनत करनी शुरू कर दें। सैनी ने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में मनोहर लाल के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply