अलवर में दिल दहला देने वाली वारदात, युवक ने की मां की हत्या और भाई को किया घायल
Alwar Murder: राजस्थान के अलवर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की हत्या कर दी और छोटे भाई पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के रूपबास गांव की है। पुलिस के अनुसार आरोपी गगन सिंह एक शादीशुदा महिला के प्यार में इस कदर पड़ गया था कि उसने अपने ही परिवार के खिलाफ कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले वह उस महिला को अपने घर ले आया था। इसके बाद घर में लगातार विवाद होने लगे।
परिजनों ने लगाया ये आरोप
परिजनों का आरोप है कि गगन सिंह ने अपनी मां और छोटे भाई को घर से निकाल दिया था। पिछले करीब छह महीनों से पीड़ित परिवार लोहे की टीन के अस्थायी मकान में रहने को मजबूर था। उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर गगन सिंह ने तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी बुजुर्ग मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे भाई मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान और हाथ पर गहरे घाव आए हैं। घायल मोहन सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपी पर पहले भी थे केस दर्ज
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस महिला के साथ गगन रह रहा था, वही उसे परिवार के खिलाफ भड़काती थी और घर पर कब्जा करना चाहती थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घायल परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पड़ोसियों से पूछताछ कर उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply