मामी के इश्क में कातिल बना भांजा, अपने ही मामा के लिए रची हत्या की खौफनाक साजिश
Rampur Murder Case: रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदनगर के अहमदाबाद गांव में भांजे ने अपनी मुंहबोली मामी से एकतरफा इश्क के चक्कर में मामा का खूनी खेल रचा। भांजे ने पहले मामा को बीयर पिलाई, फिर नशे की हालात में मफलर से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने 11दिनों की छानबीन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी वीरेंद्र (निपनिया गांव, शहजादनगर थाना निवासी) मृतक का रिश्ते में भांजा लगता था। वह उसकी पत्नी से मोबाइल पर बातें करता था और उसे ‘मामी’ कहकर पुकारता था। मृतक ने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया और डांटा भी था। इसी रंजिश में वीरेंद्र ने हत्या की साजिश रची। उसके साथी जितेंद्र उर्फ छोटू (गहलोइया गांव, मिलक थाना निवासी) ने पूरा साथ दिया।
कैसे की गई हत्या?
पुलिस के अनुसार यह हत्या 13मार्च 2026की रात को हुई। मृतक कुंवरपाल उर्फ कलुआ (दर्जी) सैदनगर में कपड़े सिलाई की दुकान चलाते थे। उनके भाई अपुल ने टांडा थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। शव सैदनगर-लालपुर सड़क किनारे घास में पड़ा मिला था। गले और चेहरे पर चोट के निशान देखकर परिवार ने हत्या का शक जताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने गला घोंटने की पुष्टि की।
पुलिस ने बताया कि 12मार्च को वीरेंद्र और जितेंद्र ने कलुआ की दुकान और रूट की रेकी की। फिर 13मार्च की रात को प्लान को अंजाम दिया। उस समय दोनों दुकान पर पहुंचे। कलुआ दुकान बंद करके बाइक पर घर जाने वाले थे। तीनों साथ निकले। रास्ते में तीन बोतल बीयर खरीदकर सड़क किनारे खेत के पास बैठे। वीरेंद्र और जितेंद्र ने खुद एक घूंट भी नहीं लिया। सिर्फ कलुआ को पिलाई ताकि वह नशे में धुत हो जाएं। इसके बाद अपने प्लान को अंजाम देते हुए दोनों ने मफलर से कलुआ का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंककर दोनों भाग गए।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिस ने 24 मार्च को भटपुरा मजरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने सारा राज उगल दिया। हत्या में इस्तेमाल मफलर, स्प्लेंडर बाइक, दो मोबाइल फोन और तीन खाली बीयर कैन बरामद कर लिए गए।
Leave a Reply