Haryana News: बराड़ा में गनपॉइंट पर पेट्रोल पंप से लूट, स्विफ्ट सवार तीन बदमाशों ने दी वारदात को अंजाम
Haryana News: हरियाणा के बराड़ा में दोसड़का-बराड़ा मार्गपर स्थित एक फिलिंग स्टेशन पर नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने सेल्समैन पर पिस्तौल तान दी और दराज में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह वारदात मंगलवार रात करीब 10:15बजे ओम फिलिंग स्टेशन पर हुई। ड्यूटी पर तैनात सेल्समैन शाहरुख खान ने बताया कि वह अपने साथी भविष्य के साथ पंप पर मौजूद था, तभी एक कार आकर रुकी। शाहरुख जैसे ही तेल डालने के लिए कार के पास पहुंचा, चालक ने अचानक उस पर पिस्तौल तान दी और नकदी के हवाले करने की धमकी दी। जान बचाने के लिए शाहरुख शोर मचाते हुए पीछे की ओर भागा। इसी बीच, कार सवार एक युवक नीचे उतरा और केबिन के ऑफिस बॉक्स में रखे लगभग 9,000रुपये व एक खाली बैग लेकर रफूचक्कर हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 और बराड़ा चौकी से एएसआई नसीब सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित सेल्समैन के बयान दर्ज किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार के नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके।
Leave a Reply