मिडिल ईस्ट तनाव के बीच बड़ा दावा, ईरान के नौसेना कमांडर की मौत
Middle East Tensions: मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच इजरायल की ओर से एक बड़ा दावा सामने आया है। एक इजरायली अधिकारी के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसीरी की एक हमले में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह हमला ईरान के अहम बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में किया गया। अलीरेजा तंगसीरी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना शाखा का नेतृत्व कर रहे थे और उन्हें ईरान की समुद्री रणनीति का अहम चेहरा माना जाता था। बताया जा रहा है कि वे होर्मुज स्ट्रेट की निगरानी और उसे बंद करने की रणनीति से जुड़े अहम फैसलों में शामिल थे।
नौसेना के लिए हो सकता है बड़ा झटका
तंगसीरी को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ कड़े बयानों के लिए भी जाना जाता था। ऐसे में अगर उनकी मौत की पुष्टि होती है, तो ये ईरान की सैन्य ताकत, खासकर उसकी नौसेना के लिए बड़ा झटका माना जाएगा। हालांकि, इस दावे के बावजूद तेहरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे स्थिति और भी संवेदनशील बनी हुई है।
कई बड़े सैन्य अधिकारी बन चुके निशाना
बंदर अब्बास ईरान का सबसे महत्वपूर्ण नौसैनिक अड्डा है, जहां से पूरे फारस की खाड़ी पर नजर रखी जाती है। इस इलाके में किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई का असर अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और तेल सप्लाई पर भी पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक, मौजूदा संघर्ष के दौरान अमेरिका और इजरायल अब तक ईरान के कई बड़े सैन्य अधिकारियों को निशाना बना चुके हैं। ऐसे में यह घटना क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकती है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान इस हमले का जवाब देता है, तो खाड़ी क्षेत्र में हालात और बिगड़ सकते हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ईरान इस दावे पर क्या प्रतिक्रिया देता है और आने वाले दिनों में यह संघर्ष किस दिशा में बढ़ता है।
Leave a Reply