कंकाल और खोपड़ी लेकर थाने पहुंचा शख्स, वजह जानकर पुलिस के भी उड़ गए होश

Karnataka Murder mystery: कर्नाटक के मंगलुरु स्थित धर्मस्थल में एक सफाई कर्मचारी के खुलासे ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। एक शख्स ने पुलिस को बताया कि उसने कई वर्षों तक शवों को ठिकाने लगाने का काम किया, लेकिन उसे इसके लिए मजबूर किया गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने 4 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने 3 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और धर्मस्थल थाने में लिखित शिकायत दी, जिसमें उसने हत्या और शवों को दफनाने की घटनाओं का जिक्र किया। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए कानूनी सुरक्षा की मांग की है। इस मामले ने धर्मस्थल में बेचैनी फैला दी, जो अपनी आध्यात्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है।
पुलिस को सौंपी गई कंकाल की तस्वीरें
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में एक दफन स्थल का दौरा किया, जहां से उसने कुछ कंकाल निकाले और उनकी तस्वीरें लीं। उसने दो रंगीन फोटोकॉपी पुलिस को सौंपी, जिनमें हड्डियों के अवशेष दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता के वकील ने बताया कि मृतकों की तस्वीरें बाद में अदालत में पेश की जाएंगी। पुलिस ने शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी है और उन स्थानों की जांच शुरू कर दी है, जहां शव दफनाए गए थे। इसके साथ ही, पुलिस अपराध में शामिल लोगों की तलाश में शिकायतकर्ता से जानकारी जुटा रही है।
अपराधबोध में डूबा शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 1995 से 2014 तक सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। अपराधबोध से ग्रस्त इस शख्स ने कहा कि वह उन लोगों और स्थानों के बारे में पूरी जानकारी देना चाहता है, जो इस जघन्य अपराध में शामिल हैं। अपनी जान को खतरे के डर से वह अपने परिवार के साथ दूसरे राज्य में रह रहा है। इस मामले ने धर्मस्थल के शांत माहौल को झकझोर दिया है, और पुलिस इस गंभीर मामले की तह तक जाने के लिए तत्पर है।
Leave a Reply