राज्यसभा जाने के फैसले पर RJD ने BJP पर लगाया आरोप, तेजस्वी यादव ने जताई नाराजगी
Rajya Sabha Election: RJD ने गुरुवार, 5 मार्च को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का फैसला भाजपा के राजनीतिक दबाव के चलते लिया गया है। इस कदम ने राज्य में सत्ता में रहने वाले एनडीए और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री के फैसले की घोषणा के कुछ ही मिनट बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घटना अप्रत्याशित नहीं थी और इसे RJD ने पहले ही भविष्यवाणी की थी। उन्होंने कहा कि हम पहले से जानते थे। 28 जनवरी 2024 को हमने कहा था कि जेडीयू खत्म हो जाएगा। भाजपा का 400 सीट जीतने का वादा पूरा नहीं हुआ, इसलिए इसे एक साल के लिए टाल दिया गया।
महाराष्ट्र की राजनीति का दिया उदाहरण
तेजस्वी यादव ने महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा ने शिवसेना के विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया था। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में क्या हुआ? भाजपा ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने वही रणनीति बिहार में और परिष्कृत रूप में अपनाई है।” RJD नेता ने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत में “पैसे और मशीनरी” का असर रहा। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने कहा कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं। लेकिन हम पहले से कह रहे थे कि चुनाव के बाद भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री नहीं रहने देगी। आज वही सच हो गया।”
जनता की भावना के खिलाफ- तेजस्वी
तेजस्वी ने ये भी कहा कि ये बदलाव जनता की भावना के खिलाफ है, क्योंकि एनडीए ने चुनाव में “नीतीश फिर 2025-2030” का नारा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने क्षेत्रीय सहयोगियों को कमजोर करना चाहती है और बिहार में कोई ऐसा नेता नहीं चाहती जो OBC, दलित और जनजातीय समुदायों की आवाज उठाए।
तेजस्वी ने की नीतीश की तारिफ
इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक करियर और बिहार में योगदान की सराहना की। उन्होंने ने कहा कि हमने पहले नीतीश कुमार के साथ काम किया है, हालांकि ज्यादातर समय विपक्ष में रहे। उनके काम के लिए हम उनके प्रति सहानुभूति रखते हैं और बिहार के लिए उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हैं। इस बीच, नीतीश कुमार ने पहले ही राज्यसभा चुनाव में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है, जिससे बिहार में राज्य सरकार के भविष्य के नेतृत्व को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।
Leave a Reply