तमिलनाडु चुनाव के लिए एनडीए की सीटों का हुआ बंटवारा, भाजपा 27 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
Tamilnadu Election: एनडीए ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया है। बंटवारे के तहत AIADMK 178, भाजपा 27, पट्टाली मक्कल काची 18और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम 11सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।
बता दें कि एनडीए में सीट बंटवारे को अन्नाद्रमुक हेडक्वार्टर में हुई इस बैठक में एआईएडीएमके महासचिव पलानीस्वामी, केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु भाजपा के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, राज्य बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, AMMK महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने फाइनल किया।
पीयूष गोयल ने क्या कहा
सीट बंटवारे का ऐलान होने के बाद पीयूष गोयल ने कहा कि हम सब एक परिवार हैं और हम चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हम 27सीटों से बहुत खुश हैं।चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे क्योंकि राज्य के लोग मुख्यमंत्री स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से नाराज है।
दो पार्टियों का दबदबा
गौरतलब है कि तमिलनाडु की राजनीति पिछले 60सालों से दो बड़ी पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के इर्द-गिर्द घूमती रही है। यह देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां इतने लंबे वक्त से भाजपा या कांग्रेस अकेले सरकार नहीं बना सकी है। इस बार का चुनावी मुकाबला काफी अहम होने वाला है, क्योंकि समीकरण बदल गए हैं। बीजेपी ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया है। दूसरी कांग्रेस और डीएमके एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरा फ्रंट सुपरस्टार विजय ने अपनी नई पार्टी TVK के साथ एंट्री मारी है।
पिछले चुनाव का हाल
अगर पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2021 में एमके स्टालिन के अगुवाई में डीएमके ने 133 सीटों पर जीत हासिल की थी और राज्य की सत्ता में वापसी की थी। कांग्रेस ने डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं। वहीं राज्य की सत्ता पर 10 साल तक काबिज रही एआईएडीएमके 66 सीटे जीतने में कामयाब रही थी। वहीं, भाजपा को सिर्फ 4 सीटें मिली थीं।
Leave a Reply