'अमेरिका के सामने सरेंडर, तेल सप्लाई खतरे में' राहुल गांधी ने PM मोदी से किए कई सवाल
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी ने ईरानी युद्धपोत 'आईरिस देना' पर हुए अमेरिकी हमले को लेकर पीएम मोदी से सवाल किया है। उन्होंने कहा कि विश्व एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर चुका है। आगे भयंकर संकट मंडरा रहा है। भारत की तेल आपूर्ति खतरे में है, क्योंकि हमारे आयात का 40%से अधिक हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। एलपीजी और एलएनजी के लिए स्थिति और भी बदतर है।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि यह संघर्ष हमारे पड़ोस तक पहुंच गया है, हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत डूब गया है। फिर भी प्रधानमंत्री ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। ऐसे समय में हमें एक स्थिर नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने लिखा कि इसके विपरीत, भारत के पास एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो समझौतावादी है और जिसने हमारी रणनीतिक स्वायत्तता को त्याग दिया है।
पहले भी दिया बड़ा बयान
इससे पहले ईरान पर अमेरिका और इजराइल के द्वारा किए जा रहे हमले को लेकर कहा कि ईरान पर अमेरिका और इजराइल के साझा सैन्य हमले तथा कई खाड़ी देशों पर ईरान की ओर से किए गए हमले, दोनों की निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट कर कहा था कि अमेरिका और इज़राइल तथा ईरान के बीच बढ़ती दुश्मनी एक संवेदनशील क्षेत्र को व्यापक संघर्ष की ओर धकेल रही है। क्षेत्र में करीब एक करोड़ भारतीय नागरिकों सहित करोड़ों लोगों को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
Leave a Reply