इस ईरानी अधिकारी ने दी ट्रंप को धमकी, कहा- धूप सेंकते समय एक ड्रोन आएगा और...
Threat To Donald Trump:ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई के सलाहकार जवाद लारीजानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धमकी दी है कि वह फ्लोरिडा के अपने मार-ए-लागो आवास में भी सुरक्षित नहीं हैं। ईरानी टीवी पर लारीजानी ने कहा कि ट्रंप धूप सेंकते वक्त एक छोटे ड्रोन हमले का शिकार हो सकते हैं। यह बयान जनवरी 2020में अमेरिकी हमले में ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या से जोड़ा जा रहा है, जिसके लिए ईरान ट्रंप को जिम्मेदार मानता है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, 'ब्लड पैक्ट' नामक एक ऑनलाइन मंच ने खामेनेई का मजाक उड़ाने वालों के खिलाफ बदला लेने के लिए फंड जुटाना शुरू किया है।
ट्रंप का जवाब: 'मैं धूप नहीं सेंकता'
फॉक्स न्यूज के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने इस धमकी को हल्के अंदाज में लिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इसे गंभीर धमकी मानते हैं और आखिरी बार उन्होंने कब धूप सेंकी थी, तो ट्रंप ने हंसते हुए कहा, "शायद मैं सात साल का था। मुझे धूप सेंकने में कोई दिलचस्पी नहीं।" उन्होंने इसे धमकी तो माना, लेकिन इसे गंभीरता से लेने से इनकार किया। अमेरिकी खुफिया एजेंसियां हालांकि इस खतरे को गंभीर मान रही हैं और ट्रंप की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा ट्रंप की हत्या की साजिश की खबरें भी सामने आ चुकी हैं।
क्षेत्रीय तनाव और बदले की साजिश
हाल के दिनों में इजरायल और अमेरिका के साथ ईरान का तनाव बढ़ा है। अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर बमबारी की, जिससे ईरान को नुकसान का दावा किया गया, हालांकि ईरान ने इसे मामूली बताया। इजरायल ने खामेनेई की हत्या का प्लान बनाया था, लेकिन ट्रंप के वीटो के कारण यह रद्द हुआ। ईरानी मौलवियों ने ट्रंप और इजरायली पीएम नेतन्याहू के खिलाफ बदले की अपील की है। इस बीच, ट्रंप की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Leave a Reply